Ara Murder Case: कस्टम विभाग के पूर्व असिस्टेंट कमिश्नर की हत्या से हड़कंप, इलाके में भय का माहौल

बिहार के आरा में हमलावरों ने 8 गोलियां मारकर उतारा मौत का घाट

Published On

Bihar Crime News: आरा (सच कहूँ/एजेंसी)। बिहार के आरा में गुरुवार सुबह हुई गोलीबारी में कस्टम विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी रामकुमार सिंह (67) की मौत हो गई। जैन कॉलेज के मुख्य द्वार के पास हुई इस वारदात के बाद इलाके में भय का माहौल है। मृतक के परिजनों ने जमीन विवाद को हत्या की संभावित वजह बताते हुए भू-माफियाओं पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

घटना नवादा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, रामकुमार सिंह सुबह अपने बेटे राजेश कुमार के साथ रोजाना की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान कार के पास तीन हथियारबंद हमलावर पहुंचे और उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से उन्हें आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की। घटना के समय बेटे राजेश कुमार कार के भीतर थे, जिससे उनकी जान बच गई। उन्होंने बताया कि पिता के कार से बाहर निकलते ही हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि नगर थाना क्षेत्र के सिंगही मोड़ के पास एक भूखंड को लेकर विवाद चल रहा था। उनके मुताबिक, जमीन पर कब्जे की कोशिश के संबंध में उनके पिता ने पुलिस से शिकायत भी की थी।

परिवार का दावा है कि इससे पहले भी उन पर हमले किए गए थे। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के चलते उनकी हत्या की गई। रामकुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के निवासी थे। वह वर्ष 2015 में भागलपुर से कस्टम विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

About The Author

Related Posts