गगनदीप कौर पायलट बनकर गांव किला भरीआं लौटी, ग्रामीणों ने किया स्वागत

Published On

पिता बोले- गगन ने मेरा सिर गर्व से ऊँचा कर दिया

संगरूर (सच कहूँ/गुरप्रीत सिंह)। Sangrur News: गांव किला भरीआं की बेटी गगनदीप कौर ने कठिन मेहनत और जुनून के बल पर पायलट बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे नगर और पंजाब का नाम रोशन किया है। पायलट बनने की खबर मिलते ही पूरा गांव सड़कों पर उतर आया और फूलों की वर्षा कर उसका स्वागत किया। गगनदीप ने बताया कि साधारण किसान परिवार से होने के बावजूद उसने बड़े सपने देखे और दिन-रात की मेहनत से उन्हें सच कर दिखाया। उसकी सफलता से गांव में खुशी की लहर है और लोग उसे मेहनत और लगन का प्रतीक मान रहे हैं। Sangrur News

गगनदीप ने बताया कि पायलट बनने के लिए उसे लगभग तीन साल की कठिन ट्रेनिंग करनी पड़ी। उसने पुणे और दुबई में प्रशिक्षण प्राप्त किया और देश के विभिन्न शहरों में कठिन परीक्षाएं देकर पायलट की डिग्री हासिल की। परिवार के सहयोग और पिता के विश्वास ने उसे हर मुश्किल पार करने की ताकत दी। उसने कहा कि जैसे उसके पिता ने उस पर भरोसा किया, वैसे ही हर पिता को अपनी बेटियों पर विश्वास करना चाहिए। गगनदीप के पिता जगदेव सिंह ने बताया कि बचपन से ही उसे मशीनों और वाहनों में रुचि थी। वह ट्रैक्टर और अन्य वाहन चलाने में भी निपुण थी। जब उसने पायलट बनने की इच्छा जताई तो परिवार के लिए यह बड़ी चुनौती थी, लेकिन उसके हौसले को देखकर उन्होंने पूरा साथ दिया।

माता ने भी उसकी मेहनत और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि गगनदीप स्वभाव से शांत और लगनशील है। उसकी सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे पंजाब का मान बढ़ा है। ग्रामीणों ने कहा कि गगनदीप बचपन से ही पढ़ाई में होशियार थी और हमेशा अपने लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत करती रही। आज उसकी उपलब्धि से गांव में उत्सव का माहौल है और लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। Sangrur News

यह भी पढ़ें:– जिला जज व डीएम ने किया कारागार का निरीक्षण, परखी व्यवस्था

About The Author

Related Posts