जेल मंत्री ने पटियाला केन्द्रीय जेल में ‘उजाला नर्सरी’ और नई लाइब्रेरी का किया उद्घाटन

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

जेल अस्पताल, बैरकों और आम आदमी क्लिनिक का लिया जायजा

  • नशामुक्त जेल बनाना सरकार की प्राथमिकता: डॉ. रजोत सिंह

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: जेल मंत्री डॉ. रजोत सिंह ने शुक्रवार केन्द्रीय जेल पटियाला का विशेष दौरा करते हुए जेल प्रबंधन का विस्तृत जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने ‘उजाला नर्सरी’ और नई तैयार की गई जेल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उजाला नर्सरी का उद्देश्य कैदियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। नई लाइब्रेरी कैदियों को शिक्षा और जानकारी प्राप्त करने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी, जिससे वे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकेंगे। जेल मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार जेलों को सुधार और पुनर्वास केन्द्रों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जेलों को नशामुक्त बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है और इस दिशा में जेल प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। Patiala News

अपने दौरे के दौरान मंत्री ने जेल अस्पताल, बैरकों और आम आदमी क्लिनिक सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया और कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कैदियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और पुनर्वास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि जेल विभाग द्वारा चलाया जा रहा पेट्रोल पंप कैदियों को रोजगार के अवसर प्रदान करता है, जिससे उनके कौशल विकास और पुनर्वास में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि जेल केवल सजा देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और नई जिंदगी की शुरूआत के केन्द्र हैं। उन्होंने जेल में सफाई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और चल रही भलाई गतिविधियों की सराहना की। इस मौके पर जेल विभाग के सचिव मोहम्मद तैयब, जेल सुपरिटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल, एडीशनल सुपरिटेंडेंट जयदीप सिंह, एडीशनल सुपरिटेंडेंट अर्पणजोत सिंह, डिप्टी सुपरिटेंडेंट सिक्योरिटी आदर्शपाल सिंह और सहायक करणवीर सिंह भी मौजूद थे। Patiala News

यह भी पढ़ें:– होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे एसडीएम व सीओ, परखी व्यवस्था

About The Author

Related Posts