एफआईआर की निष्पक्ष जांच व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित अन्य पर धमकाने के आरोप
हनुमानगढ़। टिब्बी तहसील क्षेत्र के चक 4-5 आरडब्ल्यूबी रोही मसीतांवाली की रहने वाली माया पत्नी लिछमण नायक ने मंगलवार को परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर तलवाड़ा झील पुलिस थाना में दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच करवाने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि 3 मई को तलवाड़ा झील पुलिस थाना में गिरधारी पुत्र कृष्णलाल, जो भाजपा मंडल अध्यक्ष मिर्जावाली मेर बताए गए हैं, सहित अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया गया था। मामले के अनुसार, 2 मई को चक 5 आरडब्ल्यूबी में पटवारी की ओर से जमीन की पैमाइश की गई थी, जिसमें माया पक्ष को लगभग 4 बीघा लंबी व 8 फुट चौड़ी भूमि मिलने की बात सामने आई। इसके बाद परिवार ने मौके पर तारबंदी शुरू की।
आरोप है कि इसी दौरान गिरधारी, भालाराम, महेंद्र, राकेश, गणेश, भागीरथ, ओमप्रकाश सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। मामले की जांच सीओ करण सिंह बराड़ की ओर से की जा रही है। पीड़िता माया ने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी आरोपियों के दबाव में कार्य कर रहे हैं तथा अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
साथ ही आरोपियों की ओर से लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है। प्रार्थना पत्र में मांग की गई कि मामले की जांच किसी निष्पक्ष अधिकारी से करवाई जाए तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
About The Author