कांग्रेस के पास केवल झूठ ही एजेंडा : टीटी

Published On

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बोले-भाजपा की योजनाओं से तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा देश

BJP Rajasthan: हनुमानगढ़। पूर्व राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने झूठ फैलाने का ठेका ले रखा है। अयोध्या में राम मंदिर को लेकर कांग्रेस वर्षों तक सबूत मांगती रही, जबकि आज वहां भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है। इसी तरह एसआईआर शुरू होने पर बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट कटने का विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न तो राष्ट्र की चिंता है और न ही कोई ठोस मुद्दा, उनके पास केवल झूठ ही बचा है। Hanumangarh News

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद शनिवार को पहली बार हनुमानगढ़ पहुंचे सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जी-राम-जी योजना कानून बनकर आई है, फिर भी कांग्रेस ने इसका विरोध किया। फर्जी मस्टरोल की शिकायतों के बाद केंद्र सरकार ने यह निर्णय लिया। योजना का नाम छोटा किया गया, जबकि कांग्रेस स्वयं 11 बार भाजपा सरकारों की बड़ी योजनाओं के नाम बदल चुकी है। टीटी ने कहा कि पहले जहां बजट नहीं होता था, अब 1 लाख 51 हजार करोड़ रुपए का बजट है। 100 दिन की जगह 125 दिन काम की गारंटी दी गई है। काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता मिलेगा।

भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और हर छह माह में ऑडिट होगा

भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और हर छह माह में ऑडिट होगा। उन्होंने कहा कि प्रतिपक्ष के रूप में सरकार की कमियां गिनाना कांग्रेस का अधिकार है, लेकिन संसद में मंत्री को आतंकवादी या उग्रवादी कहना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। कांग्रेस बौखला गई है और पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है। बिहार और महाराष्ट्र में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो चुका है और अब बंगाल में भी भाजपा संगठन मजबूत होकर कांग्रेस को समाप्त करने का काम करेगा। टीटी ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। Hanumangarh News

आज भारत की बढ़ती ताकत का उदाहरण यह है कि अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश भी भारत के सामने नतमस्तक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में फिरोजपुर फीडर की डीपीआर तक नहीं बन सकी थी, जबकि अब सिंधु जल समझौते के तहत 10 हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने हर साल एक लाख नौकरियों का कैलेंडर जारी किया है, जो ऐतिहासिक है। भजनलाल सरकार के आने के बाद न नकल हुई और न ही पेपर लीक, योग्य को ही नौकरी मिल रही है। पूर्व राज्यमंत्री टीटी ने गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के गौरवशाली इतिहास को राजस्थान के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री का सर्वसमाज की ओर से आभार व्यक्त किया।

सरकार चुनाव करवाने को तैयार | Hanumangarh News

निकाय और पंचायती राज चुनावों पर पूछे गए सवाल के जवाब में टीटी ने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व चुनाव कराने को पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन चुनाव कराना सरकार नहीं बल्कि निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। आयोग की तैयारियां पूर्ण होने के बाद वही तिथि तय करेगा। कोर्ट को भी निर्वाचन आयोग के माध्यम से ही चुनाव करवाने हैं। भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर टीटी ने कहा कि जहां प्रतिस्पर्धा होती है, वहां ऐसी बातें सामने आती हैं, लेकिन भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है। जो पार्टी के प्रति निष्ठावान रहेगा, उसे टिकट, पद और सम्मान अवश्य मिलेगा, जबकि पार्टी को कमजोर करने वालों का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगा।

बजट से मजबूत होगा बुनियादी ढांचा

भाजपा एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल ने कहा कि यह बजट बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने व नया इन्फ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने का काम करेगा। पहली बार एससीएसटी वर्ग के बच्चों के लिए स्कॉलरशिप के लिए केंद्र सरकार ने करीब सात हजार करोड़ रुपए दिए हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक दिन विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा होगा।

उन्होंने कहा कि जब भी केंद्र और राजस्थान में भाजपा का राज आया है तब-तब विकास और विकसित देश-राज्य की नई नींव रखी गई। लेकिन जब कांग्रेस आई तो एक पैसे का भी काम नहीं हुआ। लेकिन अब भाजपा के कार्यकर्ता के बलबूते पर उस तर्ज को बदला जाएगा। प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बने, इसके लिए संगठन एकजुट होकर काम करेगा। आने वाला समय भाजपा का होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित सहू, पूर्व विधायक गुरदीप शाहपीनी, धर्मेंद्र मोची भी मौजूद रहे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts