बराला में विद्युत विभाग की टीम पर हमला, एसडीओ की गाड़ी के शीशे तोड़े
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विद्युत चोरी रोकने के लिए सोमवार देर रात्रि गांव बराला गई थी विद्युत टीम
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव बराला में बिजली चोरी रोकने गई विद्युत विभाग की टीम पर कुछ लोगो ने हमला कर दिया। इस दौरान विद्युतकर्मियों के साथ में मारपीट करते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए गए। आरोपियों पर एसडीओ की गाड़ी के शीशे तोड़ने के भी आरोप है। मामले में भूरा बिजलीघर पर तैनात जेई ने मुकदमा दर्ज कराया है।
सोमवार रात्रि करीब साढ़े दस बजे विद्युत विभाग की टीम उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एसडीओ प्रथम अमित कुमार शाक्य के नेतृत्व में क्षेत्र के गांव बराला में बिजली चोरी की सूचना पर नेगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं के यहां चेकिंग करने गई थी। टीम में अवर अभियंता प्रदीप चौहान व नीतीश कुमार तथा संविदाकर्मी सागर, आलम व सतेंद्र शामिल थे। टीम ने गांव निवासी मतलूब के मकान में जांच की तो वहां पर बिजली चोरी होते हुए पाई गई। इसके अलावा, अन्य घरों में भी जांच की गई, जिस पर कुछ लोगो ने टीम का विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कादिर, आरिफ व उसके छोटे भाई, खान व उसके छोटे भाई, नाजिम, शाहदीन तथा 10-15 अज्ञात लोगों विद्युत टीम पर हमला बोल दिया।
टीम के साथ में जान से मारने की नीयत से मारपीट करते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। आरोपियों पर ईंट-पत्थरों से हमला करके एसडीओ की गाड़ी के शीशे तोड़ने के भी आरोप है। हालांकि आरोपियों के हमले में कोई घायल नही हुआ। विद्युत टीम आरोपियों से बचकर कैराना कोतवाली पहुंची तथा पुलिस को घटना से अवगत कराया। भूरा बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता प्रदीप चौहान की ओर से तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, अधिशासी अभियंता चतुर्थ जयप्रकाश ने बताया कि विद्युत टीम रात्रि में नेगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं के यहां चेकिंग के लिए गई थी। वहां पर टीम पर कुछ लोगो ने हमला करके गाड़ी के शीशे तोड़ दिए तथा सरकारी कार्य में विघ्न उत्पन्न करते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ग्रामीणों ने भी टीम पर लगाया अभद्रता व गाली-गलौच का आरोप
गांव बराला में चेकिंग करने गई विद्युत टीम के ऊपर ग्रामीणों ने भी आरोप लगाए है। ग्रामीण आरिफ का कहना है कि उसकी भाभी इद्दत में बैठी हुई है। मना करने के बावजूद टीम में शामिल विद्युतकर्मी जबरदस्ती मकान के अंदर घुस आए। आरोप है कि विरोध करने पर विद्युतकर्मियों के द्वारा अभद्रता व गाली-गलौच की गई। युवक का आरोप है कि टीम में शामिल कुछ विद्युतकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान शराब पी रखी थी।
वहीं, अन्य ग्रामीणों ने भी विद्युत विभाग के लोगो पर अवैध वसूली के भी आरोप लगाए है। विदित रहे कि एसडीओ अमित कुमार शाक्य के ऊपर इससे पूर्व विगत 25 मार्च को आदर्शमण्डी थानाक्षेत्र के गांव कसरेवा कलां में भी हमला हुआ था। वहां पर वह टीम के साथ में मुर्गी फार्म पर चेकिंग करने के लिए गए थे। एसडीओ पर विगत दो माह में जानलेवा हमले की दूसरी घटना है।
11.jpg)
About The Author