आफताब उर्फ ताबू समेत पांच लोगों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज

Published On

आपराधिक घटनाओं में लिप्त रहने पर कोतवाली पुलिस ने कसा शिकंजा, मुकदमे में ताबू को बनाया गया है गैंग का लीडर

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कोतवाली पुलिस ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के पश्चात आफताब उर्फ ताबू समेत पांच लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर गोकशी की घटनाओं ने लिप्त रहने व पुलिस टीम पर फायरिंग करने समेत कई संगीन आरोप है। प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के पश्चात कैराना कस्बे के विभिन्न मोहल्ला निवासी पांच लोगों के विरुद्ध उत्तर-प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधिनियम की धारा-2/3 के तहत अभियोग पंजीकृत कराया है, जिसमें कस्बे के मोहल्ला गुली छड़ियान निवासी आफताब उर्फ ताबू को गैंग लीडर बनाया गया है।

आरोप है कि आफताब उर्फ ताबू कस्बे के मोहल्ला छड़ियान निवासी अंसार उर्फ अन्सार, मोहल्ला रेतेवाला निवासी साबू कुरैशी उर्फ साबूद्दीन, मोहल्ला आलकलां निवासी मेहरबान व मोहल्ला सुंदरनगर निवासी शाहिद कुरैशी के साथ में मिलकर भौतिक, आर्थिक व दुनियावी लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से गोकशी व पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग जैसे कृत्य करते है। पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर में नामजद किये गए आरोपी गोवध, अवैध हथियार रखने समेत कई संगीन मामलों और समाज विरोधी क्रियाकलापों में शामिल रहे है। विदित रहे कि गैंगस्टर के मुकदमे में आरोपी बनाए गए ताबू पर साथियों के साथ मिलकर विगत शुक्रवार

रात्रि कस्बे के मोहल्ला दरबार कलां निवासी पूर्व सभासद के घर पर पथराव करने का भी आरोप लगा था, जिसमें पीड़ित की ओर से कोतवाली पर अभियोग दर्ज कराया गया था। पथराव का वीडियों सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। ताबू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि पांच आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी अनैतिक रूप से धन अर्जित करने के उद्देश्य से आपराधिक घटनाओं व समाज विरोधी कृत्यों में लिप्त रहते है। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। Kairana News

यह भी पढ़ें:– बंधक बनाने के प्रकरण में एक और आरोपी गिरफ्तार

About The Author