”दिल्ली में फ्री मिलेगा शुद्ध पानी” सीएम रेखा गुप्ता ने किया पीतमपुरा में ‘वॉटर एटीएम’ का उद्घाटन

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

Free Drinking Water: नई दिल्ली। दिल्ली के पीतमपुरा स्थित एयू ब्लॉक के एकता कैंप में बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘वॉटर एटीएम’ का उद्घाटन किया। यह सुविधा इंडियन ऑयल की सीएसआर पहल के तहत शुरू की गई है, जिसका मकसद स्थानीय लोगों को साफ, सुरक्षित और सस्ता पीने का पानी उपलब्ध कराना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय पूरा देश भीषण गर्मी (हीटवेव) से गुजर रहा है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई इलाकों में पानी की किल्लत लोगों की बड़ी परेशानी बनी हुई है। खासकर झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को साफ पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए दिल्ली में यह नया ‘वॉटर एटीएम’ मॉडल शुरू किया गया है, जो एक तरह का बड़ा आरओ प्लांट है। Delhi News

उन्होंने बताया कि इस सिस्टम की क्षमता हर घंटे लगभग 2000 लीटर पानी को शुद्ध करने की है। इसके लिए लोगों को एक कार्ड दिया जाएगा, जिसे वॉटर एटीएम में इस्तेमाल करके वे रोजाना करीब 20 लीटर तक साफ और मीठा पानी ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पानी पूरी तरह शुद्ध है और किसी भी बड़े आरओ सिस्टम से बेहतर तरीके से काम करता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इसके लिए लोगों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

”कई जगह पाइपलाइन नहीं है या फिर पर्याप्त सप्लाई नहीं पहुंचती”

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में ऐसे लाखों लोग हैं जो लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे थे। कई जगह पाइपलाइन नहीं है या फिर पर्याप्त सप्लाई नहीं पहुंचती। ऐसे इलाकों में यह मॉडल काफी मददगार साबित होगा। अभी तक इंडियन ऑयल के सहयोग से आठ जगहों पर ऐसे वॉटर एटीएम लगाए जा चुके हैं और आगे इस योजना को और विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर उस इलाके तक साफ और पीने योग्य पानी पहुंचे, जहां अभी इसकी कमी है। इसके लिए सरकार तेजी से काम कर रही है और आगे भी कई नए प्रोजेक्ट लाए जाएंगे।

इसी मौके पर मुख्यमंत्री ने इलाके के विकास से जुड़ी कुछ और योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस बस्ती में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे। इसमें आंतरिक गलियों का निर्माण, नालियों और पाथवे का सुधार शामिल है। साथ ही हैंडपंप की मरम्मत का काम पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सके। इसके अलावा बच्चों के लिए एक शिशु वाटिका (पार्क) विकसित करने की योजना भी है, जिससे स्थानीय बच्चों को खेलने और सीखने के लिए बेहतर जगह मिल सके। Delhi News

About The Author

Related Posts