श्रीलंकाई नौसेना ने 7 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया
रामेश्वरम। श्रीलंकाई नौसेना ने अपनी समुद्री सीमा के उल्लंघन का आरोप लगाकर रविवार को सात भारतीय मछुआरों को हिरासत में ले लिया और उनकी नौका भी जब्त कर ली। मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रामेश्वरम से शनिवार सुबह सात मछुआरे मछली पकड़ने के लिए समुद्र में उतरे थे। वे जब अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास मछली पकड़ रहे थे, तभी उनकी नाव में कुछ खराबी आ गयी और मौसम भी खराब हो गया जिसके कारण उनकी नाव रास्ता भटक गयी। इसी दौरान वहां गश्त लगा रही श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें उनकी सीमा में घुसने के आरोप में हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए मछुआरों और उनकी नाव को पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए मन्नार ले जाया गया है। हिरासत में लिए गए मछुआरों की पहचान जोसफ पॉलराज (37), निटो (40), नागराज (45), इन्नासी (22), सुब्रमणि (35), मुनियासामी (48) और सत्यशीलन (25) के रूप में की गयी है। इस माह श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिए जाने की यह तीसरी घटना है।