कण्डेला में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, युवाओं ने उत्साह से लिया भाग
दुर्गा मंदिर परिसर में रक्त सेवा ट्रस्ट का रक्तदान शिविर आयोजित
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kandela News: ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला में स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रक्त सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानव सेवा का परिचय दिया। इस दौरान अनेकों युवाओं ने अपना हीमोग्लोबिन(एचबी) चेक कराया, जिनमें से 22 ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान करके रक्तदान सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्तदाताओं के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
रक्त संग्रह का कार्य सर्वोदय ब्लड बैंक शामली की टीम द्वारा किया गया, जिसमें अंकित चौधरी, शिवानी, अश्वनी व बंधन आदि शामिल रहे। टीम ने व्यवस्थित ढंग से रक्त संग्रहण की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजक अमरीश कोरी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इसका कोई विकल्प नहीं है। दुर्घटनाओं, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है, ऐसे में रक्तदाता ही किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। इस दौरान रक्त सेवा ट्रस्ट से अतुल महाराणा के अलावा रोबिन कुमार, अनुज कुमार, अंकित चौहान, अमित आर्य आदि का विशेष योगदान रहा।