तीन एमएम बारिश ने खोली मार्केट कमेटी प्रशासन की पोल

Wheat

शुक्रवार को मंडियों में 16672 किसानों की 608800 क्विंटल गेहूं पहुंची 

(Chaos in Wheat Procurement)

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। अनाज मंडियों में गेहूं खरीद में अव्यवस्था का दौर जारी है। मंडियों में उठान का कार्य धीमी गति से चल रहा है। तीन एमएम बारिश से ही अनाज मंंडी सरसा, कालांवाली व रानियां में हजारों क्विंटल गेहूं की बोरिया व खुले में पड़ी ढेरियां भीग गई। गेहूं भीगने से किसान व आढ़ती परेशान नजर आए। बारिश बंद होने पर मजदूर बोरिया को पानी से निकालने में जुटे नजर आए। बारिश होने से गेहूं तुलाई का कार्य रुक गया। जिले में 2940710 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है। जबकि अभी तक 1623310 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। मंडियों में शुक्रवार को 608800 क्विंटल गेहूं पहुंची। गेहूं लेकर आने के लिए 16672 किसानों के पास मोबाइल पर एसएमएस भेजा गया।

गेहूं के लिए नहीं मिले तिरपाल

सरसा अनाज मंडी में प्रतिदिन आवक बढ़ रही है। इस हिसाब से उठान का कार्य नहीं हो रहा है। गेहूं की आवक बढ़ने से मंडी के साथ लगती कालोनी की सड़कों व गलियों में गेहूं डालनी पड़ रही है। शुक्रवार दोपहर को जैसी ही बारिश शुरू हुई। इससे गेहूं की बोरियां पानी में भीग गई। गेहूं ढकने के लिए कहीं भी तिरपाल व प्लास्टिक नजर नहीं आया। कई ढेरियां को किसान अपने साथ लेकर आए तिरपाल से ढकते हुए नजर आए।

तेज आंधी से गिरे दो दर्जनभर पेड़

मौसम में एकाएक दोपहर बाद हुए बदलाव के बाद धूल भरी तेज आंधी चली। इसके बाद सरसा व कालांवाली क्षेत्र में तीन एमएम व खुइयामलकाना में 2 एमएम बारिश हुई। धूलभरी आंधी चलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। तेज आंधी से करीब दो दर्जनभर पेड़ गिर गये। वहीं बारिश होने से न्यूनतम तापमान में भी कमी आई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री रहा। जबकि वीरवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री रहा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।