60 लाख खर्च करने बावजूद अंधेरे में डूबी जाखल की गलियां

Streets-Lights-of-Jakhal

 डेढ़ साल पहले शहर को जगमग करने के लिए लगाई गई स्ट्रीट लाइटें खराब

सच कहूँ/तरसेम सिंह
जाखल। जाखल शहर को जगमग करने के लिए नगर पालिका द्वारा 60 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी शहर की गलियां अंधेरे में डूबी रहती हैं। एलइडी स्ट्रीट लाइटें अधिकांश जगहों पर खराब हो रही हैं। कई जगहों पर तो पोल भी उखड़ चुके हैं। जिससे इस मामले में साफ तोर पर भारी गोलमाल होने कीआशंका व्यक्त की जा रही है। ऐसे में दी स्वच्छ हरियाणा कॉप लेबर एंड कंस्ट्रक्शन सोसाइटी लिमिटेड कंपनी द्वारा लगाई गई एलइडी स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जाखल नपा क्षेत्र में लगाई गई 187 एलइडी स्ट्रीट लाइटें लगातार खराब हो रही हैं। जो इनकी घटिया क्वालिटी होने की ओर ईशारा कर रही हैं।

नपा प्रशासन को शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कोई पहल नहीं की जा रही है। टेंडर जारी होने के बाद लाइटें लगाने की औपचारिकता पूरी कर कंपनी अधिकारी नपा से राशि प्राप्त करने के बाद इनकी कोई देखभाल नहीं कर रहे हैं। लेकिन इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।

मेरे वार्ड-6 में लगी 17 में से 10 स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। इस बारे में पहले भी शिकायत दर्ज करवाई थी। अब उप प्रधान पद के लिए शपथ ग्रहण होने के बाद इस बारे में कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। स्ट्रीट लाइट लगाने पर खर्च राशि के बारे में जांच करवाएंगे। जो भी तथ्य सामने आए उसके आधार पर कार्रवाई करवाएंगे।
-गोबिंद राम, उप प्रधान, नपा जाखल।

शहर में लाखों रुपए खर्च कर लगाई गई एलईडी स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता सही नहीं है। अधिकतर लाइटें खराब पड़ी हैं। यदि गुणवत्ता सही होती तो लाइटें बार-बार खराब न होतीं। हाउस की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
-पुनीत बंसल, पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड-12

जाखल शहर में स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या ध्यान में है। फिलहाल शपथ ग्रहण नहीं हुई है। शपथ ग्रहण के साथ ही इस मामले में प्राथमिक्ता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जाखल मंडी की समस्याओं को पहल के आधार पर दूर किया जाएगा।
-सीताराम मित्तल, प्रधान प्रतिनिधि नपा जाखल।

दो महीनों से गली में बंद पड़ी लार्इंट: रजत सिंगला 

वार्ड-4 रविकांत गर्ग, रजत सिंगला ने कहा कि दो महीनों से उनकी गली में स्ट्रीट लाईट बंद पड़ी हैं। लेकिन कर्मचारियों द्वारा उन्हें ठीक नहीं किया जा रहा। नपा अधिकारियों को इस बारे जानकारी देने के बाद भी कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा। यही हाल बलरां रोड का है। इसके साथ ही वार्ड 12 व 13 के अलावा वार्ड 1, 2, 3,, 5 व 6 की कई गलियों में लाइट खराब पड़ी हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।