संचालक व केयरटेकर पर केस
Drugs Addiction: हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र की रोही जोरावरपुरा स्थित एक नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र से भागे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने केन्द्र संचालक व केयरटेकरों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में हरियाणा के हिसार जिले के गांव लाधड़ी निवासी राजपाल (57) पुत्र हरिसिंह जांगड़ा, जो हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर फतेहाबाद जिले के रतिया थाना में कार्यरत हैं, ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 1993 में शिवानी निवासी धूपसिंह पुऋ खेमचन्द की पुत्री अनिता रानी से हुई थी। उसके साले वेदप्रकाश की करीब 26 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। Hanumangarh News
साले की पत्नी सरोज रानी ने बाद में दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद उसके बेटे अभिषेक (30) और बेटी रोहिणी अपने दादा-दादी के पास रह रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार अभिषेक पिछले काफी समय से नशे का आदी हो गया था। उसे नशे से छुटकारा दिलाने के उद्देश्य से परिजनों ने उसे रोही जोरावरपुरा स्थित नया उजाला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराया था। इस केन्द्र का संचालन सुभाष पुत्र कृष्णलाल निवासी जोरावरपुरा की ओर से किया जाता है। परिजनों का आरोप है कि प्रारंभ में अभिषेक का उपचार ठीक से किया गया, लेकिन बाद में केन्द्र संचालक व केयरटेकरों की ओर से उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी गई।
अभिषेक ने बचने के प्रयास में सेमनाला में छलांग लगा दी
21 अप्रैल को शाम करीब 4.30 बजे अभिषेक किसी तरह केन्द्र से भाग निकला। उसके पीछे केयरटेकर विनोद व एक अन्य व्यक्ति मोटर साइकिल पर पीछा करने लगे। बताया गया कि पीछा किए जाने से घबराकर अभिषेक ने बचने के प्रयास में सेमनाला में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलने पर राजपाल अपने रिश्तेदार जयमल और सतवीर के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस की सहायता से नाले से अभिषेक का शव बाहर निकाला गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि केन्द्र संचालक सुभाष, केयरटेकर विनोद व अन्य कर्मचारियों की ओर से की गई प्रताड़ना के कारण ही अभिषेक ने यह कदम उठाया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने राजकीय जिला चिकित्सालय के मोर्चरी कक्ष में रखा मृतक युवक का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज कर जांच लखूवाली चौकी प्रभारी एएसआई किशोर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News















