हमसे जुड़े

Follow us

28.5 C
Chandigarh
Friday, April 17, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी अखिलेश-जयंत क...

    अखिलेश-जयंत की पहली साझा रैली आज मेरठ में

    SP RLD Joint Rally

    सपा-रालोद गठबंधन के चुनाव प्रचार का होगा आगाज

    लखनऊ (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के मुखिया जयंत चौधरी के बीच चुनावी गठबंधन पर सहमति कायम होने के बाद आज मंगलवार को मेरठ में सपा रालोद की पहली संयुक्त रैली से गठबंधन के चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरूआत होगी। सपा की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अखिलेश और जयंत मंगलवार को दिन में 11 बजे मेरठ पहुंचेंगे। यहां से वह के सरधना थानाक्षेत्र में स्थित दबथुला में रैली स्थल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे अखिलेश संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे। गठबंधन के बैनर तले आयोजित होने जा रही पहली संयुक्त रैली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा-रालोद के साझा चुनाव अभियान के आगाज के तौर पर देखा जा रहा है।

    समझा जाता है कि दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे की घोषणा भी रैली के मंच से की जा सकती है। इससे यह खुलासा हो सकेगा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कितनी सीटों पर सपा लड़ेगी और कितनी सीटों पर रालोद। सूत्रों के अनुसार गठबंधन को लेकर शुरूआती बातचीत में रालोद ने 50 सीटों की मांग की थी। फिलहाल दो दर्जन सीटों पर रालोद उम्मीदवार उतारने पर सहमति बन गई है। इनमें सहारनपुर मंडल की 16 में से 10 सीटों पर सपा और छह पर रालोद के उम्मीदवारों की पहचान कर लिये जाने की चर्चा है। सपा और रालोद ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस गठबंधन को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मजबूत किले में सेंधमारी के प्रयोग को सफल बनाने का मूल आधार बताया है। यह बात दीगर है कि रालोद और सपा के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कुछ सीटों पर बंटवारे का पेंच अभी भी फंसा है। किंतु सपा-रालोद गठबंधन की सच्चाई को मतदाताओं तक पहुंचाने के लिये मेरठ में साझा रैली आयोजित की गई है।

    इस बीच रालोद प्रमुख जयंत ने भी सोमवार को दिल्ली में दिए अपने एक बयान में सपा के साथ चुनावी गठबंधन पर पक्की मुहर लगने का स्पष्ट संदेश दिया है। जयंत ने कहा कि सपा-रालोद के गठबंधन की औपचारिक घोषणा पिछले दिनों लखनऊ में अखिलेश से मुलाकात के साथ ही हो गई थी। उन्होंने भाजपा के साथ भी गठबंधन को लेकर रालोद की बातचीत जारी रहने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अखिलेश से दोस्ती पक्की है। जयंत ने कहा कि हमारी गाड़ी में यूटर्न का गियर ही नहीं है। अखिलेश से दोस्ती पक्की है। यूटर्न लेने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि देर सबेर हमारी संख्या भी बढ़ेगी और ताकत भी बढ़ेगी। इधर मेरठ में सपा रालोद गठबंधन की पहली रैली में भारी भीड़ जुटाने के लिये दोनों दलों के नेता शिद्दत से जुटे हैं। सपा के एक नेता ने बताया कि रैली की तैयारियां पूरी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली का मकसद सिर्फ पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ मजबूत किलेबंदी को अंजाम देने का संदेश पंहुचाना है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here