अर्जुन, द्रोणाचार्य व ध्यानचंद अवार्डियों को मिलेंगे हर महीना 20-20 हजार : खेलमंत्री

Minister-Sandeep-Singh

सुशासन दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया ऐलान

कुरुक्षेत्र (सच कहूँ ब्यूरो)। खेल और युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सुशासन दिवस पर हरियाणा सरकार ने अर्जुन, द्रोणाचार्य, भीम व ध्यानचंद अवार्डियों को नई सौगात दी है। प्रदेश में 104 अवार्डियों को 20 हजार रुपये और 130 अवार्डियों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 25 दिसम्बर को सुशासन दिवस पर इसकी घोषणा की है। उन्होंने इस घोषणा के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार भी व्यक्त किया है। खेलमंत्री संदीप सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की इस घोषणा से खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ा है।

यह घोषणा प्रदेश में खेलों को ओर मजबूती देने का काम करेगी

अर्जुन, द्रोणाचार्य व ध्यानचंद अवार्डी विजेताओं को अब 5 हजार रुपये की बजाय प्रतिमाह 20-20 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। वहीं केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले साहसिक पुरस्कार के विजेताओं को भी 20 हजार रुपये का साहस सम्मान दिया गया है। केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाला साहसिक पुरस्कार केवल एक बार दिया जाता है। यही नहीं भीम अवार्डी विजेताओं का भी मुख्यमंत्री ने मान बढ़ाया है। उन्हें पुरस्कार के समय पांच लाख रुपये की राशि दी जाती थी, अब उन्हें प्रतिमाह पांच हजार रुपये भीम भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अर्जुन अवार्ड का सम्मान 80 खिलाड़ियों को मिला है। जबकि द्रोणाचार्य अवार्ड का सम्मान 15 प्रशिक्षकों-कोच को मिला है।

प्रदेश में भीम अवार्ड से सम्मानित सबसे ज्यादा 130 खिलाड़ी है

इन सभी को प्रति माह 20-20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। वहीं ध्यान चंद अवार्ड से 9 खिलाड़ी सम्मानित किए गए हैं, उन्हें भी प्रतिमाह 20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। प्रदेश में 3 लोगों को साहसिक पुरस्कार मिला है, उन्हें भी 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। खास बात यह है कि प्रदेश में भीम अवार्ड से सम्मानित सबसे ज्यादा 130 खिलाड़ी है, जिन्हें प्रदेश सरकार ने पहली बार नई सौगात दी है। भीम अवार्डियों को केवल पुरस्कार के समय एक बार पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती थी। मगर अब उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से प्रति माह 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रदेश सरकार की ओर से खिलाड़ियों को हर सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है।

आगामी वर्ष 2021 में हरियाणा पहली बार खेलो इंडिया की मेजबानी करेगा। यह कामयाबी प्रदेश सरकार की खेल नीति और खिलाड़ियों को दिए जाने वाले प्रोत्साहन का हिस्सा है। खेलो इंडिया से प्रदेश के खिलाड़ियों को नई पहचान मिलेगी और साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का भी अवसर मिलेगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।