नोएडा में श्रीकांत त्यागी के घर चला बुलडोजर, एक महिला से की थी बदसलूकी

नई दिल्ली (एजेंसी)। एक महिला के साथ बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस बीच नोएडा सोसायटी के अंदर उसके अवैध निर्माण पर नोएडा अथॉरिटी की तरफ से कार्रवाई की गई है। नोएडा प्रशासन की तरफ से अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर सोमवार सुबह उसे तोड़ दिया गया। वहीं पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलने के साथ ही आरोपी की संपत्ति कुर्क की जाएगी।

क्या है मामला:

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2022 को एक वीडियो सामने आया था। इसमें त्यागी एक महिला के साथ अभद्रता करता दिख रहा है। फिलहाल वह फरार है। उसके घर में तहखाना होने का भी दावा किया जा रहा था। लेकिन परिजनों ने इसका खंडन करते हुए उसे स्टोर रूम बताया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जब अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए बुलडोजर सोसायटी में पहुँचा तो स्थानीय लोगों ने ताली बजाकर उसका स्वागत किया। साथ ही योगी जिंदाबाद के नारे लगाए।

भाजपा सांसद को झेलना पड़ा विरोध

रविवार (7 अगस्त 2022) को कुछ संदिग्ध लोग ओमेक्स सोसायटी में घुस गए थे। आरोप है कि उन्होंने श्रीकांत त्यागी पर छेड़छाड़ और अभद्रता का केस दर्ज करवाने वाली महिला के फ़्लैट पर जाकर उसे धमकाया। शोरगुल सुन कर आसपास के लोग जमा हुए और वहाँ अफरातफरी का माहौल खड़ा हो गया। इस दौरान मौके का फायदा उठा कर आरोपित फरार हो गए। इस घटनाक्रम के बाद जब गौतमबुद्ध नगर से भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा घटनास्थल पर पहुँचे तो उन्हें लोगों का भारी विरोध झेलना पड़ा। उन्होने स्थानीय पुलिस पर अपनी नाराजगी जताई।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।