छह दिन बाद पंजाब ने गंग कैनाल में छोड़ा पानी, पूरा पानी नहीं तो 24 को प्रशासन ठप करेंगे किसान

Sri Ganganagar News
किसानों ने हाईवे से जाम हटा कलेक्ट्रेट पर धरना लगाया

किसानों ने हाईवे से जाम हटा कलेक्ट्रेट पर धरना लगाया

श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब ने छह दिन बाद गंग कैनाल में आज सुबह पानी छोड़ दिया। जिस पर 4 दिन से राजस्थान पंजाब हाईवे पर लगाया जाम को दोपहर खोल दिया गया। अब किसानों ने गंग कैनाल में निर्धारित हिस्से के अनुसार पूरा 2800 क्यूसेक पानी देने की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर धरना लगा दिया है। जिला प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि 2 दिन में नहर में पूरा पानी नहीं आया तो आगामी गुरुवार 24 अगस्त से प्रशासन ठप्प करते हुए कलम पकड़ो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। जिला कलेक्ट्रेट में किसी भी अधिकारी और कर्मचारियों को नहीं घुसने दिया जाएगा। अन्य विभागों में भी कामकाज ठप कर दिया जाएगा। Sri Ganganagar News

किसानों ने कल मंगलवार और परसों बुधवार को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक कलेक्ट्रेट पर धरना देने का फैसला किया है।इन दो दिनों में पानी में बढ़ोतरी नहीं हुई तो गुरुवार को कलम पकड़ो आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि आज सुबह आरडी 45 हैड से लगभग 1000 क्यूसेक पानी छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने लगातार पानी में वृद्धि होने की उम्मीद व्यक्त की। इस सारी स्थिति पर किसान नेताओं ने हाईवे पर धरना स्थल पर विचार विमर्श किया।तत्पश्चात 2 बजे वहां धरना खत्म कर दिया गया। किसानों ने वहां से जिला कलेक्ट्रेट की ओर कूच कर दिया। शाम लगभग 4 बजे किसानों ने जिला कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास किया। Sri Ganganagar News

इस महीने पूरा 2800 क्यूसेक पानी मिलने लगेगा

इस दौरान वहां तैनात भारी पुलिस बल के साथ कुछ देर धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने किसानों को बड़ी मुश्किल से नियंत्रित तथा शांत किया। तत्पश्चात जिला कलेक्टर से किसान प्रतिनिधियों की वार्ता हुई। वार्ता में बताया गया कि जिला प्रशासन ने जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता को फिरोजपुर भेजा है, जहां वे हरिके बैराज पर मेंटेन किया जा रहे पौंड लेवल के साथ ही नहरों में छोड़े जा रहे पानी की स्थिति पर नजर रखेंगे। गंग कैनाल में पानी की मात्रा बढ़वाने का प्रयास करेंगे। कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि अगले 2 दिन में गंग नहर में इस महीने निर्धारित किया पूरा 2800 क्यूसेक पानी मिलने लगेगा।

कलेक्टर के इस आश्वासन पर किसानों का गुस्सा कुछ शांत हुआ है, लेकिन उन्होंने दो दिन तक कलेक्ट्रेट पर धरना जारी रखने का फैसला किया है। कामरेड शपथ में किसानों को बताया कि दो दिनों में पानी नहीं बढा तो गुरुवार को फिर महापड़ाव कलेक्ट्रेट पर डाला जाएगा। उस दिन किसी को भी कलेक्ट्रेट में नहीं जाने दिया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को कम नहीं करने दिया जाएगा। इस आंदोलन को अब किसानों ने कलम पकड़ो नाम की संज्ञा दी है उल्लेखनीय है कि 1927 में बनी गंग नहर के इतिहास में पहली बार हुआ कि पंजाब से आरडी 45 से पानी की मात्रा शून्य कर दी गई। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ।

विगत 17 अगस्त को पानी बंद कर दिया गया था,जिससे श्रीगंगानगर जिले में गंग कैनाल के 3 लाख 50 हेक्टेयर कृषि भूमि में कपास, गन्ना ग्वार और मूंग की फसलों को बचाए रखने का संकट उत्पन्न हो गया। किसानों ने दो दिन इंतजार किया लेकिन जब नहर में पानी नहीं आया तो जीकेएस के आह्वान पर विगत शुक्रवार शाम 5 बजे साधुवाली में नेशनल हाईवे पर धरना लगा दिया गया। किसानों का आरोप है कि पंजाब सरकार ने आरडी 45 पर गंग नहर का पानी रोक कर सारा पानी अपनी नहरों को दिया। पीने के लिए भी गंग नहर में पानी नहीं छोड़ा। Sri Ganganagar News

किसान नेता रणजीत सिंह राजू चंडीगढ़ में गिरफ्तार

श्रीगंगानगर। संयुक्त किसान मोर्चा में राजस्थान के प्रतिनिधि किसान रणजीतसिंह राजू को आज सुबह सवेरे चंडीगढ़ में उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात करने के पश्चात वापस श्रीगंगानगर को रवाना होने वाले थे। राजू को चंडीगढ़ पुलिस उनके एक जानकार के यहां से पकड़कर सेक्टर 38 थाना में ले गई,जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।अभी उनको रिहा नहीं किया गया। बताया गया कि कल मंगलवार को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तथा किसानों के विभिन्न मसलों को लेकर चंडीगढ़ में संयुक्त किसान मोर्चा की एक बड़ी बैठक होने वाली है।

इस बैठक में भाग लेने से रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने वहां पहुंचे किसान नेताओं की आज सुबह धरपकड़ कर ली। उन्होंने बताया कि रणजीतसिंह राजू कल शाम चंडीगढ़ पहुंचे।उन्होंने मोर्चा के किसान नेताओं को साथ लेकर पंजाब के राज्यपाल से राजस्थान के लिए गंग कैनाल में रोके गए पानी के मसले से अवगत करवाया।राज्यपाल ने पूरे मसले को गंभीरता से सुना।

प्रवक्ता के अनुसार राज्यपाल ने इस बारे में तुरंत ही पंजाब के सिंचाई विभाग के सचिव से बात की। इसके बाद पंजाब का सिंचाई विभाग हरकत में आया। उन्होंने गंग कैनाल में पानी छोड़ने के लिए हरिके बैराज पर पॉन्ड लेवल मेंटेन करना शुरू कर दिया। राज्यपाल से हुई इस मुलाकात के बाद ही देर रात को संकेत मिले की गंग कैनाल में अब पानी जल्दी ही आ जाएगा। पानी आज सुबह पंजाब में छोड़ दिया गया लेकिन रणजीतसिंह राजू को वहां गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें:– Haryana News: सीएम मनोहर का महिलाओं के लिए मनमोहक ऐलान