पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा तृणमूल कांग्रेस में शामिल

Yashwant Sinha

कोलकाता (एजेंसी)। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा शनिवार को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का झंडा लहराते हुए ममता बनर्जी की पार्टी का दामन थामा। यशवंत सिन्हा काफी दिनों से भारतीय जनता पार्टी से नाराज चल रहे थे और कई मौकों पर भाजपा की आलोचना कर चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद भाजपा पर हमला बोलते हुए यशवंत सिन्हा ने मीडिया से कहा कि प्रजातंत्र की ताकत प्रजातंत्र की संस्थाएं होती हैं। आज लगभग हर संस्था कमजोर हो गई है, उसमें देश की न्यायपालिका भी शामिल है। हमारे देश के लिए ये सबसे बड़ा खतरा पैदा हो गया है। अटल जी के समय में भाजपा सर्वसम्मति पर विश्वास करती थी, लेकिन आज की सरकार कुचलने और जीतने में विश्वास करती है। अकाली दल, बीजेडी, शिवसेना पहले ही भाजपा का साथ छोड़ चुकी है।

आज भाजपा के साथ कौन खड़ा है? सिन्हा ने कहा कि इसमें किसी को शक नहीं होना चाहिए कि तृणमूल कांग्रेस बहुत बड़े बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएगी। बंगाल से पूरे देश में एक संदेश जाना चाहिए कि जो कुछ मोदी और शाह दिल्ली से चला रहे हैं, अब देश उसको बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा और कहा कि मुण्े अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि चुनाव आयोग अब स्वतंत्र संस्था नहीं रही है। तोड़-मरोड़ कर चुनाव (8 चरणों में मतदान) कराने का फैसला मोदी-शाह के नियंत्रण में लिया गया है और भाजपा को फायदा पहुंचाने के ख्याल से लिया गया है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर 8 चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को होगा। इसके बाद 1 अप्रैल को दूसरे चरण, 6 अप्रैल को तीसरे चरण, 10 अप्रैल को चौथे चरण, 17 अप्रैल को पांचवे चरण, 22 अप्रैल को छठे चरण, 26 अप्रैल को सातवें चरण, 29 अप्रैल को आखिरी चरण में वोटिंग होगी। फिर दो मई मतगणना होगी।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।