Jharkhand Cyber Crime: झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर में 57 साइबर अपराधी गिरफ्तार

Published On

रांची (एजेंसी)। Jharkhand News: झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र में साइबर अपराध के विरुद्ध पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 57 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आईजी सुनील भास्कर के निर्देश पर प्रक्षेत्र के विभिन्न जिलों में की गई, जहां पुलिस के ‘प्रतिबिंब’ ऐप के माध्यम से चिन्हित संदिग्ध मोबाइल नंबरों का सत्यापन किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक अक्टूबर 2025 से 16 फरवरी 2026 के बीच संदिग्ध नंबरों की गहन जांच के बाद कुल 15 साइबर कांड दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी कॉल, बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी ठगी और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से संबंधित धोखाधड़ी में संलिप्त थे। कई आरोपी अलग-अलग जिलों में बैठकर संगठित तरीके से साइबर ठगी के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। Jharkhand News

छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए। जब्त सामानों में 132 मोबाइल फोन, 168 सिम कार्ड, 31 एटीएम कार्ड, 7 बैंक पासबुक, 3 बैंक चेकबुक और 23 रजिस्टर व कॉपियां शामिल हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप चैट का डेटा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

कार्रवाई के क्रम में 4 लाख 67 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कुछ आरोपी फर्जी या दूसरों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खाते और सिम कार्ड संचालित कर रहे थे। बरामद दस्तावेजों में 3 आधार कार्ड, 8 पैन कार्ड, 1 श्रम कार्ड, 1 वोटर आईडी कार्ड और 1 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। पुलिस ने गिरोह के पास से 3 चारपहिया और 7 दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।

बताया गया कि ऐप के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की ट्रैकिंग और सत्यापन में तकनीकी सहायता मिली, जिसके कारण कम समय में बड़ी संख्या में अपराधियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। Jharkhand News

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी को साझा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। Jharkhand News

यह भी पढ़ें:– Jharkhand High Court: झारखंड हाईकोर्ट ने सिविल सर्विस परीक्षा में उम्र छूट की मांग करने वाले अभ्यर्थियों को दी अंतरिम राहत

About The Author

Related Posts