हरियाणा पंचायत चुनाव का इंतजार खत्म, कल होगी तारीखों की घोषणा 

Published On

दो चरणों में करवाए जाएंगे चुनाव, राज्य चुनाव आयुक्त करेंगे वार्ता

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के बीच अब पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव भी होंगे। राज्य चुनाव आयोग शुक्रवार को पंच-सरपंचों और जिला परिषदों व पंचायत समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए चुनावी शेड्यूल जारी करेगा। पंचायत चुनावों की तैयारियां पूरी कर चुके राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है, जिसमें वह चुनाव तिथियों की घोषणा करेंगे।

दो चरणों में चुनाव कराने की तैयारी

स्टेट इलेक्शन कमीशन दो चरणों में चुनाव कराने पर विचार कर रहा है। इसके पीछे वजह स्टाफ की कमी और फेस्टिवल मंथ को बताया जा रहा है। हालांकि चर्चा यह जोरों पर थी कि इस बार पंचायत चुनाव 4 चरणों में कराए जाएंगे, लेकिन अब एसईसी ने दो चरणों में चुनाव कराने का फैसला किया है।

अब पंचायती राज संस्थाओं के भी होंगे चुनाव

यह है चुनाव की प्लानिंग
पंचायत चुनाव 11-11 जिलों के 2 फेज में कराए जाएंगे। पहले चरण में 11 जिलों में जिला परिषद और ब्लॉक समिति के चुनाव होंगे। फिर दूसरे चरण में पंच और सरपंच का चुनाव होगा। इसके बाद दूसरे 11 जिलों में इसी तरह चुनाव कराए जाएंगे।

पंचायतों के इन पदों पर होगा मतदान

हरियाणा में पंचायतों के 71,763 पदों पर चुनाव होने हैं। इनमें 6,226 पद सरपंचों के हैं ग्राम पंचायतों में पंच के 62,040 पद हैं। 143 पंचायत समितियों में 3086 सदस्यों का चुनाव होगा। वहीं 22 जिला परिषदों में 411 सदस्य हैं। पंचायत समितियों और जिला परिषदों में बाद में चेयरमैन चुने जाएंगे।

भाजपा पार्टी सिंबल पर नहीं लड़ेगी पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति चुनाव

पंचकूला में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने पार्टी के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारी, जिला चुनाव प्रभारी व पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पंचायत चुनाव पर फैसला लिया गया कि पंच, सरपंच, ब्लाक समिति चुनाव सिंबल पर नहीं लड़े जाएंगे। जिला परिषद का चुनाव सिंबल पर लड़ना है या नहीं यह फैसला जिला ईकाइयां करेंगी। धनखड़ ने कहा कि गठबंधन का फैसला जिला ईकाइयों के फैसले के बाद होगा। आदमपुर उपचुनाव पर ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को अधिकार दिया गया है। जो नाम भेजेंगे, जानकारी दे देंगे। आज कल तक कभी भी नाम भेज देंगे।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, LinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts