हरियाणा करेगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मेज़बानी

Sports

चंडीगढ़ (एजेंसी)। ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021’ के चौथे संस्करण का आयोजन हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, शाहबाद, दिल्ली और चंडीगढ़ में 21 नवम्बर से पांच दिसम्बर तक आयोजित किया जाएगा जसमें जिसमें अंडर-18 वर्ग की खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन खेलों के साथ ब्रिक्स गेम्स-2021 की कुछ स्पर्धाओं का भी आयोजन किया जाएगा। ब्रिक्स देशों में ब्राज़ील, रुस, भारत, चीन तथा दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन की अध्यक्षता में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के लिए गठित कार्यकारी समिति की यहां हुई पहली बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ निदेशक सत्य नारायण मीणा भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

मुख्य सचिव ने सम्बंधित अधिकारियों और विभागों को निर्देश दिए कि इन खेलों के आयोजन से सम्बंधित आधारभूत संरचना समेत सभी तैयारियां करने में तेजी लाई जाए। बैठक में खेलो इंडिया गेम्स के विशेष कार्याधिकारी पंकज नैन ने बताया कि हरियाणा में होने वाले इन खेलों में 25 विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंभ और योग जैसे पांच पारम्परिक खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। इन खेलों में देश और विदेश से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021’ में लगभग 8500 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, स्पोटर्््स प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। खेलों का आयोजन हरियाणा सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रुप से किया जाएगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।