महिलाओं को 1000 रुपये देने का वायदा केजरीवाल ने पूरा नहीं किया : वडिंग

Raja Vading sachkahoon

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष एवं अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुजरात में 18 साल से अधिक आयु की सभी महिलाओं को 1000 रुपये देने का वायदा करने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। यहां जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि वह केजरीवाल से गुजरात की महिलाओं को वायदा करने से पहले पूछना चाहते हैं कि क्या पंजाब में पहले यह वायदा पूरा करना उनकी एक नैतिक जिम्मेदारी नहीं है। उन्हें मीडिया के माध्यम से पता चला है कि आप संयोजक गुजरात में उसी तर्ज पर 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को वायदा कर रहे हैं, जिस प्रकार उन्होंने पंजाब की महिलाओं को किया था कि यदि आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है कि वह यहां प्रत्येक महिला को 1,000 रुपये देंगे।

पंजाबी खुद को ठगा और लुटा हुआ महसूस कर रहे हैं

उन्होंने कहा कि पंजाब में उनकी सरकार ने वायदे मुताबिक महिलाओं को अब तक 1000 रुपया देना शुरू नहीं किया है और वह कैसे गुजरात में वायदा कर रहे हैं। गुजरात के लोगों को आप के झूठे वादों पर भरोसा करने से पहले पंजाब में इनकी सच्चाई को जांच लेना चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि राज्य से पार्टी के नेता गुजरात जाएंगे और आप द्वारा वहां झूठ का प्रचार करने की कोशिशों का भंडाफोड़ करेंगे। उन्होंने गुजरात के लोगों से कहा कि लोग अखबारों में पूरे पेज के विज्ञापनों और टीवी चैनलों पर इनकी वाह-वाह के झांसे में न आएं, जो सब कुछ पंजाब के करदाताओं के धन से खरीदा गया है। उन्हें चेतावनी दी कि पंजाबी खुद को ठगा और लुटा हुआ महसूस कर रहे हैं और यदि लोगों ने इन पर भरोसा किया, तो उनका भी यही हालात होंगे जिस प्रकार पंजाबियों ने पहले इन पर भरोसा किया था और अब अफसोस कर रहे हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।