चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव : भाजपा को झटका, आम आदमी पार्टी का शानदार प्रदर्शन

Published On

कांग्रेस और अकाली मुकाबले से रहे बाहर

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों में पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी(आप) ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुये कुल 35 से 14 वार्डों में जीत दर्ज कर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और कांग्रेस जैसे बड़े राजनीतिक दलों को करारी पटखनी दी है। निगम चुनावों की आज हुई मतगणना में आप 14 सीटों के साथ पहले स्थान पर जबकि सत्तारूढ़ भाजपा 12 वार्डों में जीत दर्ज कर दूसरे तथा विपक्षी कांग्रेस आठ वार्डों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर रही है। वहीं शिराेमणि अकाली दल (शिअद) को एक वार्ड में जीत मिली है। इस चुनाव में किसी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। 35 सदस्यीय निगम के सदन में चंडीगढ़ का सांसद भी पदेन सदस्य है ऐसे में स्पष्ट बहुमत के लिये किसी भी दल के पास 19 सीटें होना अनिवार्य है। आने वाले दिनों में ऐसे निगम के महापौर, वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर पदों के लिये अब कशमकश शुरू होने वाली है।

इस चुनाव में सबसे बड़ा झटका भाजपा को लगा है जिसे इस चुनाव में आठ सीटों का नुकसान हुआ है। पार्टी ने 2016 के चुनाव में 20 सीटें जीत कर निगम में स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। भाजपा उम्मीदवार और महापौर रविकांत शर्मा तथा पूर्व महापौर देवेश मौदगिल चुनाव हार गये। शर्मा को आम के दमनप्रीत सिंह 828 मतों तथा मोदगिल को आप के जसबीर सिंह ने 939 मतों के अंतर से पराजित किया। कांग्रेस को पिछले चुनाव में पांच सीटों के साथ संतोष करना पड़ा था लेकिन इस बार उसे तीन सीटों का फायदा हुआ है। शिअद को एक सीट मिली थी तथा उसने इस बार भी अपना प्रदर्शन बरकरार रखा है। स्थानीय बड़े नेताओं में कांग्रेस के हरमोहिंदर सिंह लक्की और आप के चंद्रमुखी शर्मा को हार का सामना करना पड़ा है।

 वार्ड नंबर- 4 पर फंस गया यह पेंच…

अब भले ही चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव- 2021 का पूरा रिजल्ट सामने आ गया हो लेकिन वार्ड नंबर- 4 पर एक पेंच फंस गया है| दरअसल, यहां बीजेपी वोटों की गिनती फिर से कराने की बात कह रही है और अगर इस वार्ड में वोटों की गिनती फिर से होती है तो ऐसा चौथी बार होगा| इधर, आम आदमी पार्टी का इसे लेकर मौके पर जबरदस्त विरोध जारी है| आप के पंजाब प्रवक्ता राघव चड्ढा और आप के लोकल नेता प्रदीप छाबड़ा मौके पर मौजूद हैं| आप द्वारा वोटों की फिर से गिनती को लेकर चुनाव आयोग चंडीगढ़ पर बड़ा आरोप लगाया जा रहा है| आप का कहना है कि बीजेपी इस वार्ड से हार गई है लेकिन क्या वह वोटों की गिनती फिर से कराकर जीत जाएगी? आप का कहना है कि वोटों की दोबारा गिनती भाजपा को जिताने के लिए की जा रही है| चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिला हुआ है| बतादें कि, इस वार्ड से आप की सुमन देवी ने बीजेपी की सविता गुप्ता को 12 वोटों से हराया है|

वार्ड-2 पर भी यही हाल…

खबर है कि, वार्ड-2 पर भी कुछ ऐसा ही हाल है, यहां बीजेपी से हारे कांग्रेस नेता हरमोहिंदर सिंह लक्की फिर से वोटों की गिनती कराना चाह रहे हैं| बतादें कि, यहां से बीजेपी नेता महेशइन्दर सिंह सिद्धू ने 11 वोटों से बाजी मारी है|

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts