Asian Games 2026: भारत ने ईरान को हराकर कबड्डी में जीता गोल्ड, पुरुष टीम ने रचा इतिहास
Asian Games 2026: भारत ने ईरान को हराकर कबड्डी में जीता गोल्ड, पुरुष टीम ने रचा इतिहास
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। शनिवार (26 सितंबर) को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 40-34 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और एक समय ईरान की टीम बढ़त बनाए हुए थी, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने जबरदस्त वापसी करते हुए मैच का रुख पलट दिया।
पहले हाफ में ईरान ने बनाई बढ़त | Asian Games 2026
फाइनल के शुरुआती 20 मिनट में ईरान ने भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दी। पहले हाफ की समाप्ति पर ईरान 18-17 से आगे था। भारत के लिए मुकाबला आसान नहीं था, लेकिन टीम ने दूसरे हाफ में अपनी रणनीति बदली और डिफेंस के साथ-साथ रेडिंग में भी शानदार प्रदर्शन किया।
दूसरे हाफ में भारत ने 23 अंक हासिल किए, जबकि ईरान की टीम 16 अंक ही बना सकी। भारतीय टीम ने इसी दौरान ईरान को ऑलआउट भी किया, जिसके बाद मैच पर उसकी पकड़ मजबूत होती चली गई।
दूसरे हाफ में भारत की शानदार वापसी
ईरान के ऑलआउट होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और बढ़ गया। भारतीय डिफेंडरों ने लगातार सफल टैकल किए और ईरान के रेडर्स को अंक जुटाने से रोकने में कामयाब रहे।
आखिरकार भारत ने मुकाबला 40-34 से अपने नाम किया और एशियन गेम्स में पुरुष कबड्डी का गोल्ड मेडल बरकरार रखा। भारत ने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी पुरुष कबड्डी में स्वर्ण पदक जीता था।
भारत के लिए एशियन गेम्स का चौथा गोल्ड
26 सितंबर को पुरुष कबड्डी के गोल्ड से पहले भारत की महिला कबड्डी टीम भी ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीत चुकी थी। इसके अलावा महिला क्रिकेट टीम और शूटिंग में भारत ने इससे पहले गोल्ड हासिल किया था। इस तरह पुरुष कबड्डी का गोल्ड 2026 एशियन गेम्स में भारत का चौथा स्वर्ण पदक बना।
कबड्डी में भारत का दबदबा लंबे समय से रहा है। पुरुष टीम ने 1990 से 2014 तक लगातार सात एशियन गेम्स में गोल्ड जीता था। 2018 में भारत का स्वर्णिम अभियान रुक गया था, लेकिन 2022 में टीम ने फिर गोल्ड जीता और अब 2026 में खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है।