तूफान ताउ ते से हुए नुकसान का जायजा लेने गृह राज्य गुजरात पहुंचे पीएम

Published On

किया प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण

अहमदाबाद/भावनगर (सच कहूँ न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने गृह राज्य गुजरात और निकटवर्ती केंद्रशासित क्षेत्र दीव में चक्रवाती तूफान ताउ ते के कारण हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आज कई प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। पीएम वायु सेना के विमान से भावनगर पहुंचे और वहां से हेलिकॉप्टर में बैठ कर हवाई निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वाधिक प्रभावित जिलों अमरेली और गिर सोमनाथ और अन्य प्रभावित क्षेत्रों का भी हवाई दौरा किया। इसके बाद उन्होंने अहमदाबाद में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और राज्य के वरिष्ठ सचिवों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की।

कल देर रात गुजरात तट से टकराया था

ज्ञातव्य है कि 17 मई की रात दीव के निकट गुजरात तट से टकराने के बाद कल देर रात तक राज्य में सक्रिय रहे इस तूफान के असर से कम से कम 13 लोगों की मौत भी हुई है। इससे फसलों, मकानों, सड़कों, बिजली के खंभों आदि को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। इससे 80 हजार से अधिक पेड़ और 70 हजार बिजली के खंभे भी गिर गए थे। छह हजार से अधिक गांवों और 83 कोविड अस्पतालों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। कई रास्ते बंद थे। राज्य सरकार ने पहले ही कहा है कि नुकसान का सर्वेक्षण आज से शुरू होगा और सभी प्रभावितों को नियमों के अनुरूप आर्थिक सहायता/मुआवजा दिया जाएगा।

गुजरात में 139 में 25 मिमी या अधिक बरसात हुई

तूफान ताउ ते के असर से पिछले 24 घंटे में गुजरात के सभी 33 जिलों के कुल 251 में से 226 तालुका में बरसात भी हुई है और इसमें सर्वाधिक 226 मिलीमीटर मध्यवर्ती खेड़ा जिÞले के नडियाद में दर्ज की गयी है। 24 तालुका में 100 मिमी या अधिक, 86 तालुका में 50 मिमी या अधिक और 139 में 25 मिमी या अधिक बरसात हुई है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts