मेरठ में मोबाइल चोरी के शक में युवक की पीटकर हत्या

Published On

मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक नगर विनीत भटनागर ने शनिवार को बताया कि क्षेत्र के जामिया चौक मदरसा वाली गली निवासी 28 वर्षीय दानिश पर पड़ोसी नफीस सुनार मोबाइल चुराने का शक हो गया था। शुक्रवार देर रात किसी समय नफीस ने दानिश को बुलाया और उसको पीट पीट कर यातनायें दीं।

बेहोश हो जाने पर उसे पास के एक खाली प्लॉट पर डालकर तमाम आरोपी फरार हो गये। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दानिश के पड़े होने का पता चला। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भटनागर ने बताया कि इस मामले में मिली तहरीर के आधार पर नफीस सुनार और उसके परिवार के चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवा दिया गया है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts