खुद ही रचा था लूट का ड्रामा, पुलिस ने 2 घंटे में सुलझाया मामला

Odhan police solved the case in 2 hours

ओढां। (सच कहूँ/राजू) गांव चकेरियां के निकट एक पशु व्यापारी से लाखों रुपये की लूट की सूचना ने पुलिस को खूब दौड़ाया। जब पुलिस ने इस घटना की पूरी जानकारी लेकर जांच आगे बढ़ाई तो ये महज एक ड्रामा निकला। पुलिस ने इसे महज 2 घंटे में सुलझा लिया। दरअसल गांव देसू मलकाना निवासी पशु व्यापारी रणजीत सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि वह वीरवार को सरसा पशु मंडी में भैंस बेचकर वापस अपने गांव आ रहा था। गांंव चकेरियां के निकट नहर पुल के पास 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 युवकों ने उसका वाहन रुकवा लिया और पिस्तौल दिखाकर उससे नकदी लूटकर गांव ओढां की तरफ भाग गए। रणजीत सिंह के मुुताबिक उसके पास 4 लाख 32 हजार रुपये की नकदी थी। सूचना के बाद ओढां थाना प्रभारी निरीक्षक कर्ण सिंह, कालांवाली थाना प्रभारी चांद सिंह व सीआईए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

पुुलिस को शुरू से ही लगा था मामला संदिग्ध

रणजीत सिंह के मुताबिक उसके साथ लूटपाट की घटना दोपहर करीब सवा 12 बजे हुई। जिसके बाद वह पुलिस को सूचना देने की बजाय घर चला गया और चंद घंटों में गांव के कुछ लोगों कोे साथ लेकर कालांवाली थाना पहुंचा और मामले की जानकारी दी। पुलिस को शुरू से ही ये मामला संदिग्ध लग रहा था। लेकिन पुलिस फिर भी इसकी पूरी जांच पड़ताल करना चाहती थी। पुलिस ने जब नजदीक के पैट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो उसमें उस समय कोई ऐसा कोई मोटरसाइकिल आता नहीं दिखाई दिया। जिसके बाद पुलिस का संदेह और गहरा हो गया।

पुलिस ने जब रणजीत सिंह से गहनता से पूछताछ की तो उसने खुद ही ये ड्रामा रचने की बात कबूल की। उसने बताया कि पशुओं की खरीद-बेच में उसकी काफी देनदारी हो गई थी। जिसके चलते लोग उसके पास अपने पैसे मांगने आने लगे थे। इसलिए उसे ये ड्रामा रचना पड़ा। एएसआई राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने रणजीत सिंह के बयान दर्ज कर लिए हैं। आगामी कार्रवाई के लिए अधिकारियों से बात की जा रही है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।