दिनभर बर्फ सा एहसास, शीतलहर की चपेट में पंजाब

Cold Wave

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट आएगी, हवाई व रेल सेवाएं रही प्रभावित

  • सबसे ठंडे रहे अमृतसर-जालंधर का न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्यियस दर्ज

अमृतसर/जालंधर (सच कहूँ न्यूज)। पहाड़ों में बर्फ की चादर जमने से मैदानी क्षेत्र शीत लहर की जकड़ में आ गए हैं। पंजाब में कड़ाके की ठंड से कंपकंपी बढ़ रही है। बारिश के बाद धुंध व कोहरा छाने से सड़क, रेल और हवाई मार्ग प्रभावित हुआ है। खासकर ट्रेन व हवाई सेवाओं में देरी होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट भी कई फ्लाइट निर्धारित समय की देरी से पहुंची। ठंड की वजह से लोग घरों में दुबके रहे खासकर स्कूल जाने के समय ठंड ने बच्चों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंडी हवाओं का दौर निरंतर जारी रहने पर तापमान में निश्चित रूप से और भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

मंगलवार को पंजाब में अमृतसर-जालंधर सबसे ठंडे रहे, यहां न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया। बठिंडा में आज का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस था। पठानकोट में 5.0 डिग्री सेल्यिसय दर्ज किया गया। मंगलवार को रेल मंत्रालय की ओर से उत्तरी राज्यों में चलने वाली एक दर्जन ट्रेनों के रद्द होने की सूचना जारी की। कुछ ट्रेनें अल्प तो कुछ लंबे समय के लिए रद्द की गई हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक आगामी 48 घंटों में ठंड बढ़ेगी और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि उत्तर दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।

ये फ्लाइटें हुई लेट | Cold Wave

चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली और यहां पहुंचने वाली आधा दर्जन से ज्यादा फ्लाइटें देरी से पहुंची। इनमें चंडीगढ़ से नांदेड को उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट ने दो घंटे की देरी से उड़ी, जबकि मुंबई को जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट भी 25 मिनट की देरी से उड़ी। यही नहीं चंडीगढ़ पहुंचने वाली फ्लाइटें भी निर्धारित समय की देरी से पहुंची।

इनमें मुंबई से आने वाली फ्लाइट का समय सुबह 8 बजे था, लेकिन वह करीब डेढ़ घंटे की देरी के साथ 10.30 बजे पहुंची। इसी तरह अहमदाबाद से पहुंचने वाली गो-एयर की फ्लाइट 20 मिनट की देरी से 11.45 बजे चंडीगढ़ पहुंची। गो-एयर की फ्लाइट हैदराबाद से 16 मिनट की देरी से पहुंची। मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 28 मिनट और बेंगलूर से आने वाली एयर एशिया इंडिया की फ्लाइट 45 मिनट की देरी से चंडीगढ़ पहुंची।

आदमपुर सिविल एयरपोर्ट से नई दिल्ली की इकलौती स्पाइस जेट फ्लाइट मंगलवार को भी लेटलतीफी का शिकार रही है। फ्लाइट सुबह 11:40 की बजाय शाम चार बजे दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। बीते एक सप्ताह में यह चौथा ऐसा मौका था, जब फ्लाइट अपने निर्धारित समय से पूरी तरह से पिछड़ गई।

देरी से चलती ट्रेनें, यात्री परेशान | Cold Wave

ठंड और धुंध का असर ट्रेनों के आवागमन पर भी पड़ रहा है। पिछल कुछ दिन से ट्रेनें लगातार लेट चल रही हैं। मंगलवार को भी आधा दर्जन ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। कानपुर-अमृतसर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-22445) करीब ढाई घंटे, टाटा-मुरी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-18101) करीब 4 घंटे, लुधियाना-अमृतसर एएमयू करीब सवा घंटा, टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-18101) करीब 4 घंटे, लुधियाना-अमृतसर डीएमयू करीब सवा घंटा, कामाख्या श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-15655) करीब 2.15 घंटे, अमरनाथ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-12587) करीब 3.30 घंटे लेट है।

 

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।