हरियाणा के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश

दिल्ली में आज हल्की बारिश के आसार : आईएमडी

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के कई क्षेत्रों में सुबह से ही बारिश हो रही है। वहीं राजधानी दिल्ली और इसके आस पास के इलाकों में सोमवार को हल्की बारिश होने के साथ आम तौर पर बादल छाये रहने के आसार हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूवार्नुमान जताया है। राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो रविवार से दो डिग्री अधिक है। रविवार को न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से दो डिग्री कम था जबकि अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। आईएमडी के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की संभावना है। दिल्ली में शनिवार से ही रूक-रूक कर बारिश जारी है जिसके कारण जगह-जगह जल जमाव और यातायात जाम का लोगों को सामना करना पड़ रहा है।

अगले 4 दिन बारिश के आसार

आज सुबह जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, ‘अगले दो घंटों के दौरान उत्तरी दिल्ली, गढ़मुक्तेश्वर, खेकडा, बागपत, नरवाना, कैथल, रोहतक, खरखोंडा के अलग-अलग इलाकों और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश या बूंदा बांदी हुई। आईएमडी ने एक ट्वीट में कहा, ‘पिछले दो घंटों में हरियाणा के रोहतक, कुरुक्षेत्र, गोहाना, करनाल, पानीपत, राजौंद, असंध, सफीदों, जींद, हांसी, सिवानी, मेहम और तोशाम में और आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश हो रही है।

बुलेटिन के मुताबिक अगले दो घंटों के दौरान कुरुक्षेत्र, गोहाना, हांसी, सिवानी, मेहम, तोशाम (हरियाणा) सकोटी टांडा, हस्तिनापुर, दौराला (यूपी) के आसपास या फिर उसके आसपास के क्षेत्रों में मध्यम तीव्रता की बारिश होने का अनुमान है। आज सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 92 फीसदी दर्ज की गई। इस बीच राजधानी में वायु गुणवत्ता सोमवार को संतोषजनक श्रेणी पर दर्ज की गयी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक वायु गुणवत्ता सूचकांक 94 दर्ज किया गया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।