हमसे जुड़े

Follow us

15.8 C
Chandigarh
Monday, February 16, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान संत डॉ. MSG क...

    संत डॉ. MSG की ओर से शुरू किए मानवता भलाई कार्य से प्रेरित हुई राजस्थान सरकार

    -राजस्थान सरकार ने भी शुरू किया हर घर तिरंगा अभियान
    -संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज ने वीसी के जरिए की हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा

    हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की ओर से हाल ही में शुरू किए गए मानवता भलाई के कार्य हर घर में तिरंगा से प्रेरित होकर राजस्थान सरकार ने भी हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है। इसके तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 13 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले में सभी घरों व संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। इसको लेकर सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है। अभियान की तैयारियों को लेकर संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के पवन ने शनिवार को संभाग के सभी जिला कलक्टर्स और जिला पुलिस अधीक्षकों समेत अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए समीक्षा की।

    संभागीय आयुक्त ने कहा कि अभियान को लेकर ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। तिरंगा यात्रा, सोशल मीडिया कैंपेन, प्रत्येक ग्राम पंचायत पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सभी घरों के अलावा सभी स्कूलों, कॉलेजों, राशन डिपो, आंगनबाड़ी एवं चिकित्सा केन्द्रों, पटवार मंडलों से जिला कलक्टर कार्यालय, पुलिस चौकियों से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालयों तक तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। अभियान में सरपंच, पार्षद, वार्ड पंच समेत सभी जनप्रतिनिधियों, सीएलजी मेंबर्स, सामाजिक संस्थाओं को जोड़ते हुए प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक ग्राम पंचायत में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाए।

    20 जुलाई और 5 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर

    ताकि इस अभियान से आमजन को जोड़ते हुए पूरे संभाग में देश भक्ति की भावना का संचार हो। संभागीय आयुक्त ने कहा कि ध्वजारोहण के दौरान झंडा संहिता के सभी नियमों की पालना सुनिश्चित करवाई जाए। इसके लिए 20 जुलाई और 5 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष ग्राम सभाएं आयोजित करने तथा नगरीय निकायों में पार्षदों की बैठक आयोजित करते हुए झंडा संहिता की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में किसी प्रकार की कोताही नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

    व्हाटसएप की ‘डीपी’ पर होगा तिरंगा

    संभागीय आयुक्त ने कहा कि सभी सरकारी कार्मिकों के व्हाटसएप की डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) और ग्रुप की आइकन पिक्चर पर तिरंगा झंडा लगाया जाए। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के पवन ने व्हाटसएप की डीपी बदलकर इसकी शुरुआत भी की। संभागीय आयुक्त ने कहा कि सभी सरकारी वेबसाइट्स के अलावा कंप्यूटर, मोबाइल और लैपटॉप के वॉलपेपर, डिजिटल स्क्रीन पर भी तिरंगा झंडा लगाया जाए। विभिन्न स्थानों पर तिरंगा सेल्फी पाइंट बनाए जाएं।

    वीसी में जिला कलक्टर के अलावा एडीएम प्रतिभा देवठिया, एडीश्नल एसपी जस्साराम बोस, डीएसओ राकेश न्योल, नगर परिषद आयुक्त पूजा शर्मा, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रवेश सोलंकी, कृषि विभाग उपनिदेशक दानाराम गोदारा, डीओआईटी उपनिदेशक योगेन्द्र कुमार, जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई, एसीईओ सुनील छाबड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, डीईओ प्रारंभिक रामेश्वर वर्मा, एडीईओ माध्यमिक रणवीर शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

    सोशल मीडिया पर भी चलेगा विशेष कैंपेन

    जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने बताया कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरों में प्रत्येक वार्ड स्तर पर बनाए गए कुल 514 सुजस व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए अभियान की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। इसी प्रकार जिला कलक्टर के ऑफिशियल फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल पर भी विशेष कैम्पेन चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को ‘नो बैग डे’ के अवसर पर स्कूलों में जागरूकता की विभिन्न गतिविधियां होंगी। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक विभाग की ओर से एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।

    निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा

    संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के पवन ने कहा कि जिला स्तर पर विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाए। इसमें पुलिस कांस्टेबल से लेकर पुलिस अधीक्षक तक की भागीदारी सुनिश्चित हो। साथ ही आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। स्वाधीनता दिवस के दिन समारोह से पूर्व प्रत्येक ग्राम पंचायत में तिरंगा यात्रा निकलेगी। यह यात्रा पंचायत के प्रमुख स्थान से होकर कार्यक्रम स्थल तक निकाली जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से तिरंगा आधारित नारा लेखन, गीत, निबंध, वाद-विवाद, पेंटिंग सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाए। कॉलेज शिक्षा विभाग की ओर से चारों जिलों के प्रमुख स्थानों पर वॉल पेंटिंग करवाई जाए।

    बसों से लेकर वेटिंग एरिया तक तिरंगा

    वीडियो कॉन्फ्रेंस में संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के पवन ने कहा कि सरकारी एवं निजी बसों, सरकारी कार्यालयों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, पंचायत भवन, कलक्ट्रेट प्रतीक्षालयों में नॉर्म्स के अनुसार तिरंगे लगाए जाएं। मिठाई की डिब्बों पर भी तिरंगा स्टीकर लगाया जाए। नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाए।

    विभिन्न स्थानों पर सेल्फी पाइंट बनाए जाएं। खाद-बीज क्रय करने वाले किसानों, एएनसी जांच करवाने वाली गर्भवती महिलाओं, स्कूलों की प्रार्थना सभाओं सहित विभिन्न आयोजनों में तिरंगे के महत्व के बारे में बताया जाए। परिवहन विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली जाए। विभिन्न क्षेत्रों के मौजिज लोगों के हर घर तिरंगा को लेकर जारी वीडियो संदेश साझा किए जाएं।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here