अर्जेंटीना ने 29 साल बाद जीता ला फिनालिसिमा

Published On

लंदन (एजेंसी)। ब्रिटेन की राजधानी लंदन में स्थित वेम्बली स्टेडियम में खचाखच भरी भीड़ के सामने लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने ला फिनालिसिमा में इटली को 3-0 से मात दी। सात बार के बैलन डी’ ओर विजेता मेसी ने अर्जेंटीना के साथ 11 महीनों में अपनी दूसरी अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी जीती। अर्जेंटीना के नंबर-10 के लिए यह जीत और भी खास इसलिये है क्योंकि अर्जेंटीना के लिए इससे पहले 1993 में अंतिम ला फिनालिसिमा डिएगो माराडोना ने जीता था, जो स्वयं भी नंबर-10 थे। लुटारो मार्टिनेज और एंजेल डि मारिया के पहले हाफ के गोल ने अर्जेंटीना को इंग्लैंड को यूरो 2020 में हराकर 11 महीने बाद वेम्बली वापस आई इटली के खिलाफ पूर्ण नियंत्रण की स्थिति में डाल दिया। उत्तर पश्चिम लंदन के स्टेडियम की 87,000 लोगों की भीड़ में अर्जेंटीना के हजारों समर्थकों के बीच कप्तान मेसी ने दो गोल सेट किए।

मार्टिनेज ने मेसी के लो क्रॉस पास की मदद से मैच के 28वें मिनट में अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलायी। इसके बाद हाफ टाइम से ठीक पहले मार्टिनेज ने डि मारिया को एक पास दिया जिसे उन्होंने इटली के गोलकीपर के सर के ऊपर से नेट में पहुंचाकर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके अलावा पॉलो डायबाला (90+4 मिनट) ने भी अर्जेंटीना के लिये एक गोल किया। ब्रेक से पहले इटली के लिये कुछ मौके भी बने लेकिन ब्रेक के बाद मैन आॅफ द मैच मेसी दूसरे हाफ में पूरी तरह हावी रहे। मैच के बाद मेसी ने कहा कि यह एक बेहतरीन फाइनल था। पिछले साल 2021 कोपा अमेरिका जीतकर अर्जेंटीना ने ट्रॉफी का अपना 28 साल पुराना सूखा खत्म किया था।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts