Ration Card Yojana: सीएम मान ने शुरू की स्मार्ट राशन कार्ड योजना, जानें क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं
पंजाब के 10 लाख परिवारों को मिलेगा स्मार्ट राशन कार्ड
Punjab Ration Card Yojana: चंडीगढ़/मोगा, 26 नवम्बर (अश्वनी चावला)। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने वीरवार को मोगा में हुई आम आदमी पार्टी की रैली में 10 लाख लाभार्थियों तक खाद्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने के लिए स्मार्ट राशन कार्ड योजना की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के सिद्धांत के तहत केवल वास्तविक जरूरतमंदों को ही पारदर्शी, डिजिटल और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के माध्यम से उनका अधिकार दिया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ मुख्यमंत्री ने मंच पर लाभार्थियों को ‘मेरी रसोई’ किटें वितरित कीं। इन किटों में दालें, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों का तेल शामिल था। उन्होंने लाभार्थियों को ई-केवाईसी पूरी होने के बाद प्रति सदस्य प्रति माह पांच किलो मुफ्त गेहूं देने का भरोसा भी दिया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हमारी सरकार ने योग्य और जरूरतमंद परिवारों को 10 लाख नए राशन कार्ड जारी करने के लिए विशेष अभियान चलाया है। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल, पारदर्शी और निष्पक्ष प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव या राजनीतिक हस्तक्षेप के उनका अधिकार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जुलाई में शुरू किए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 19.25 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। लोगों ने सेवा केन्द्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आवेदन किए थे। जिला प्रशासन की ओर से योग्य परिवारों की पहचान करने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन किया गया। लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने जरूरतमंद परिवारों की पहचान करने के लिए डिजिटल डेटा और निष्पक्ष अंक प्रणाली का इस्तेमाल किया।
यह अभियान बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के सिद्धांत के तहत चलाया गया है। हमने सुनिश्चित किया है कि केवल वास्तविक और जरूरतमंद परिवारों का ही चयन हो, ताकि यह लाभ असली हकदारों तक पहुंच सके। मान ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए), 2013 के तहत पंजाब में इस समय 39.73 लाख परिवारों के 1.36 करोड़ लाभार्थी हैं। नए राशन कार्ड धारकों के लिए अतिरिक्त लाभों की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सभी नए राशन कार्ड धारकों को विशेष ‘मेरी रसोई’ किट दी जाएगी। इसमें दो किलो दालें, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और एक लीटर सरसों का तेल शामिल होगा।
इसके अलावा उन्हें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मुफ्त गेहूँ का लाभ भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रत्येक योग्य परिवार के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ये अतिरिक्त लाभ आम परिवारों को बड़ी राहत देंगे और समाज के सबसे गरीब वर्ग को मिलने वाली सहायता को और मजबूत करेंगे। सीएम ने बताया कि अंतिम लाभार्थी सूची में शामिल परिवारों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस भेजकर सूचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसएमएस के अलावा पंजाब सरकार की ओर से चयनित परिवारों को जानकारी देने के लिए आईवीआरएस संदेश और पत्र भी भेजे जा रहे हैं। लाभार्थी अपने आवेदन नंबर का इस्तेमाल करके उसी पोर्टल पर लॉगइन कर अपने आवेदन की स्थिति भी जांच सकते हैं, जिसके माध्यम से उन्होंने आवेदन किया था।
Comments