Snake News: बच्चों के भोजन में सांप मिलने से मचा हड़कंप, सैकड़ों छात्र अस्पताल में भर्ती
बिहार के सहरसा स्कूल का मामला
सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के एक सरकारी विद्यालय में मध्याह्न भोजन को लेकर बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब भोजन के दौरान बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। महिषी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बलुआहा में गुरुवार को बच्चों को नियमित रूप से मिड-डे मील परोसा जा रहा था। इसी दौरान भोजन में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने के बाद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। Snake News
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक छात्र ने भोजन की थाली में छोटे सांप जैसा जीव देखा, जिसके बाद कई बच्चों ने घबराकर खाना छोड़ दिया। कुछ ही समय में अनेक छात्रों ने पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत शुरू कर दी। देखते ही देखते विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और कई बच्चे दर्द से तड़पने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ बच्चों को अपने वाहनों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बाद में एम्बुलेंस की सहायता से अन्य बच्चों को भी अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों का उपचार शुरू किया गया, जबकि गंभीर रूप से प्रभावित छात्रों को सदर अस्पताल रेफर किया गया। इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा गया। परिजनों ने भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। वहीं जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने उस केंद्र की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है, जहां से विभिन्न स्कूलों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया जाता है। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। Snake News