शिक्षा और रोजगार
संदिग्ध परिस्थितियों में डबवाली से लापता किशोरी पुलिस की सूझबूझ से मुंबई में सकुशल मिली
वीरवार को डबवाली पहुंचेगी किशोरी, मुंबई में चिल्ड्रन होम में रखी गई थी
सरसा/डबवाली (सच कहूँ/सुभाष)। डबवाली के वाल्मीकि चौक क्षेत्र निवासी पंकज सिंगला की 15 वर्षीय पुत्री रोहिणी, जो 20 जनवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी, को पुलिस ने मुंबई में सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किशोरी की ट्रैकिंग करते हुए मुंबई तक उसका पता लगाया। जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी को रोहिणी मुंबई रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी, जहां रेलवे पुलिस ने उसे सुरक्षित चिल्ड्रन होम में भेज दिया। Sirsa News
बुधवार सुबह किशोरी ने चिल्ड्रन होम से अपने पिता को फोन कर अपनी सुरक्षित स्थिति की जानकारी दी। इसके बाद डबवाली पुलिस की टीम मुंबई के लिए रवाना हुई, जो देर शाम तक वहां पहुंच जाएगी। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद पुलिस वीरवार को किशोरी को सकुशल डबवाली लेकर आएगी।
20 जनवरी को किशोरी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। जांच के दौरान किशोरी के बैग से एक नक्शा मिला, जिससे यह संकेत मिला कि उसका घर से निकलना पूर्व नियोजित था। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह किसी के संपर्क में थी या किसी के बहकावे में आई थी।
कॉल डिटेल से मिली लोकेशन | Sirsa News
पुलिस जांच में सामने आया कि रोहिणी पहले डबवाली से सूरतगढ़ पहुंची, वहां से दिल्ली गई और फिर दिल्ली से मुंबई रवाना हुई। मोबाइल चैट और संपर्क सूत्रों के आधार पर पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। महिला थाना प्रभारी कमला और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की गहन जांच की। अधिकारिक जानकारी के अनुसार 24 जनवरी से किशोरी मुंबई के एक चिल्ड्रन होम में सुरक्षित रह रही थी। वहीं से उसने अपने पिता से संपर्क कर अपनी स्थिति की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को राहत मिली। Sirsa News
पुलिस की प्राथमिकता किशोरी को सकुशल डबवाली लाना है। उसके लौटने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। — निकिता खट्टर,एसपी, डबवाली