किसानों ने बदोवाल टोल प्लाजा को फिर किया फ्री

Published On

14 किलोमीटर परिधि के गाँवों को टोल फ्री करने की मांग

नरवाना (सच कहूँ न्यूज)। हिसार रोड़ पर स्थित बदोवाल टोल प्लाजा को एक बार फिर किसानों ने फ्री करवा दिया है। सोमवार को दोपहर बाद सभी वाहन बिना टोल दिए निकाले गए। किसानों की मांग थी कि टोल प्लाजा की 14 किलोमीटर परिधि के अंतर्गत आने वाले गांवों का टोल फ्री किया जाए और जिला जींद के वाहनों की आरसी के आधार पर 50 प्रतिशत छूट दी जाए। किसानों ने ऐलान किया कि जब तक मांग पूरी नहीं होती टोल प्लाजा पर धरना जारी रहेगा और वाहनों को फ्री निकाला जाएगा।

गौरतलब है कि सोमवार सुबह 11 बजे बदोवाल टोल प्लाजा पर आस-पास के किसान पहुंचने शुरू हो गए। किसानों ने टोल फ्री की मांग को लेकर कई दिन पहले एसडीएम सुरेन्द्र सिंह को भी ज्ञापन सौंपा था और 26 दिसंबर तक अल्टीमेटम दिया था। जिसके तहत किसान बदोवाल टोल पर एकत्रित हुए। किसानों के पहुंचने पर प्रशासन हरकत में आया। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टोल अधिकारियों से बात करके मामला सुलझाने की कोशिश की। टोल अधिकारियों ने लिखित में मांगे मांगकर उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। बदोवाल टोल किसान कमेटी ने लिखित में अपनी मांगें दी और तीन बजे तक निर्णय देने की बात कही।

जब तीन बजे तक टोल अधिकारियों की ओर से कोई समाधान नहीं किया तो साढे तीन बजे किसानों ने सभी टोल नाकों को हटाकर टोल फ्री कर दिया। जहां एक ओर टोल अधिकारियों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई। वहीं टोल फ्री पाकर वाहन चालकों ने खुशी जाहिर की। किसान नेता बलवीर सिंह, होशियार खरल व सुनील बदोवाल ने बताया कि किसान आंदोलन से पहले भी बदोवाल टोल के आस-पास के 14 किलोमीटर परिधि के गांवों का टोल नहीं लगता था, लेकिन जान बुझकर किसानों को परेशान किया जाता है। बलवीर सिंह ने कहा कि फास्ट टैग के नाम पर भी दोगुने रेट वसूले जा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक किसान बदोवाल टोल पर डटे हुए थे और धरना जारी था।

क्या बोले टोल अधिकारी

टोल प्लाजा मैनेजर दादा साहिब शिंदे ने कहा कि किसानों का मांग पत्र उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। जैसा ऊपर से आदेश आएगा, उसी तरह टोल फ्री किया जाएगा। आदेश आने के बाद ही किसानों को बताया जाएगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts