जीन्द में किसानों ने किया भाजपा कार्यालय का घेराव

Published On

पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर रोकने का किया प्रयास, तोड़कर बढ़ गए आगे

  • नगर निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर बैठक लेने पहुंचे थे विधायक महिपाल ढांडा

  • गुस्साए किसानों ने सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

जीन्द (सच कहूँ न्यूज)। कृषि कानूनों को लेकर भाजपा नेताओं के विरोध का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रही है। शुक्रवार को जींद में कैथल रोड स्थित भाजपा कार्यालय में पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे थे। जैसे ही इसकी भनक किसानों को लगी तो खटकड़ टोल प्लाजा से भारी संख्या में किसानों ने भाजपा कार्यालय के लिए कूच कर दिया। किसानों के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस ने आनन-फानन बैरिकेडिंग की और किसानों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन भारी संख्या में पहुंचे किसान बेरिकेडिंग तोड़कर भाजपा कार्यालय तक पहुंच गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान किसान तेजेंद्र सिंधु, महिपाल खटकड़ व जयप्रकाश ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा पहले ही आह्वान किया गया है कि भाजपा व जजपा के कार्यक्रमों का विरोध किया जाएगा, लेकिन दोनों ही दल बार-बार किसानों को उकसाने के लिए कार्यक्रम करते हैं।

गौरतलब है कि भाजपा कार्यालय में पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा दो दिन के प्रवास पर चल रहे हैं। वीरवार को भी उन्होंने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी।

वहीं किसानों में करनाल में हुए लाठीचार्ज के खिलाफ भी भारी रोष देखने को मिला। किसानों ने कहा कि करनाल में किसान शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। प्रशासन द्वारा सरकार के इशारे पर योजनाबद्ध तरीके से किसानों पर लाठियां भांजी गईं हैं। इसके बाद भी पूरी घटना के जिम्मेदार करनाल के तत्कालीन एसडीएम को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, LinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts