जनगणना में लापरवाही: नगर निगम के 24 कर्मचारियों पर होगी एफआईआर

एफआईआर के बाद भी काम नहीं करने पर कर्मचारी होंगे सस्पेंड

Sarvesh Kumar Picture
Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: जनगणना कार्य में लापरवाही करने वाले 24 कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज होगी। निगमायुक्त प्रदीप दहिया रविवार को एफआईआर दर्ज करने की शिकायत भेजी है। एफआईआर के बाद भी काम नहीं करने पर कर्मचारियों को सस्पेंड भी किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त एक्शन के निर्देश दिए हैं। रविवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी काम शुरू न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कोर्ट में कानूनी कार्रवाई होगी और उन्हें निलंबित भी किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम ने 24 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए शिकायत भेजी थी। इनमें से कुछ कर्मचारियों ने अभी तक आवंटित क्षेत्र में जनगणना कार्य शुरू नहीं किया है। इस पर निगमायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज करने को कहा।

सोमवार तक हर ब्लॉक में काम शुरू करने के आदेश

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट कहा कि सोमवार तक सभी ब्लॉकों में जनगणना कार्य हर हाल में शुरू हो जाना चाहिए। सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने क्षेत्रों का नियमित दौरा कर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जनगणना को समय पर पूरा करने के लिए निगमायुक्त ने आरडब्ल्यूए से भी सहयोग मांगा है। संयुक्त आयुक्तों को अपने क्षेत्रों में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सहयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।

राष्ट्रीय महत्व का कार्य है जनगणना

निगमायुक्त ने कहा कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। जो कर्मचारी कार्य नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, रविन्द्र यादव, डॉ. जयवीर यादव व पूजा चांवरिया, जोनल टैक्सेशन अधिकारी पंकज कुमार, राजेश यादव व बीएस छोकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Gurugram News
Gurugram News: गुरुग्राम में जनगणना के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक करते निगमायुक्त प्रदीप दहिया।  

About The Author

Related Posts