Hansi Road Accident: हांसी के छह दोस्तों का एक साथ हुआ संस्कार

हरिद्वार जाते समय मुजफ्फरनगर में कार हादसे में जिंदा जल गए थे छह युवक

Published On

हांसी, सच कहूँ/मुकेश। Hansi Road Accident: हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए निकले हांसी क्षेत्र के छह दोस्तों की मुजफ्फरनगर में हुए भीषण सड़क हादसे में जिंदा जलने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह सभी छह युवकों का उनके पैतृक गांवों में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। राखी गढ़ी गांव में एक साथ चार चिताएं जलीं, जबकि मोठ करनैल गांव में दो युवकों का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में दो सगे भाइयों की भी मौत हुई है। छह दोस्तों की एक साथ मौत से दोनों गांवों सहित पूरे नारनौंद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, राखी गढ़ी गांव निवासी साहिल (20), अंकित (21), अंकित मलिक (21) और राहुल (21) तथा मोठ करनैल गांव निवासी अमन (21) और अजय (21) आपस में गहरे दोस्त थे। दिवाली की रात सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान करने के लिए सभी छह युवक हुंडई आॅरा कार में हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

सोमवार सुबह करीब पांच बजे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जागाहेड़ी के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार छहों युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सभी की मौके पर ही जलने से मौत हो गई।

ब्रेसलेट और कपड़ों से हुई पांच युवकों की पहचान

हादसे में कार और शव बुरी तरह जल जाने के कारण मृतकों की पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था। पांच युवकों की पहचान हाथ में बचे ब्रेसलेट, कपड़ों के टुकड़ों और कलावे के आधार पर की गई। छठे शव की पहचान नहीं हो सकी थी, बाद में उसे अंकित मलिक का माना गया। कार की नंबर प्लेट सुरक्षित बचने से पुलिस को जांच में मदद मिली। नंबर के आधार पर कार मालिक तक पहुंचकर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और मृतकों की पहचान की।

कोई पढ़ रहा था तो कोई कर रहा था काम

मृतकों में साहिल ड्राइविंग का काम करता था, जबकि अमन, अजय और अंकित पढ़ाई कर रहे थे। अंकित एसी और फ्रिज की मरम्मत का काम भी करता था। वहीं, राहुल गैस बिल्डिंग में मिस्त्री का काम करता था। सभी युवक कम उम्र के थे और उनके परिवारों को उनसे काफी उम्मीदें थीं। एक साथ छह युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीएम सहित कई जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

इस दर्दनाक हादसे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया है। मंगलवार सुबह गांवों में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग मौजूद रहे। राखी गढ़ी में चार युवकों की एक साथ चिताएं जलने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts