शादी का झांसा देकर 90 हजार से ज्यादा की ठगी, बहू एक दिन बाद ही ले गए साथ

Published On

मांग भराई से लेकर पंडित और गाड़ी किराये तक अलग-अलग बहानों से वसूली, अब ससुराल भेजने से कर रहे इनकार

घरौंडा/करनाल (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: जिलाध्यक्ष करनाल में घरौंडा क्षेत्र के गांव कलहेड़ी में बेटे की शादी कराने का भरोसा देकर करीब 90 हजार रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। शादी तय कराने से लेकर रस्में निभाने तक अलग-अलग बहानों से रकम ली गई। शादी होने के बाद बहू केवल एक दिन ससुराल में रही और अगले ही दिन उसे अपने साथ ले जाया गया। अब उसे वापस नहीं भेजा जा रहा। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गांव कलहेड़ी की एक महिला ने घरौंडा थाने में शिकायत देकर बताया कि 13 नवंबर 2025 को उसके बेटे की शादी कराने की बात करनाल के मांगा राम, मोदीपुर ढाकला के गुरनाम सिंह और करनाल के गांधी नगर की सीमा, आरती व गौरव ने की थी। इन लोगों ने रिश्ता पक्का कराने का भरोसा दिया और कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी से शादी करवाएंगे। महिला के अनुसार शुरुआत में 500 रुपए और फिर 600 रुपए बिचौलिये के तौर पर लिए गए। इसके बाद पुत्रवधू पूजा पुत्री रमेश निवासी संगरोली, यमुनानगर की मांग भराई के नाम पर 4500 रुपए लिए गए। कुछ दिन बाद 16 हजार रुपए और फिर 10 हजार रुपए अलग-अलग खर्च बताकर ले लिए गए। महिला ने बताया कि करीब तीन महीने पहले गुरनाम सिंह 13 हजार रुपए लेकर गया था। इसके अलावा 12 हजार रुपए बहू के श्रृंगार और मेकअप का सामान खरीदने के नाम पर लिए गए। 1200 रुपए मेहंदी लगवाने के और 1400 रुपए सूट व दो तोड़े के नाम पर लिए गए।

महाशिवरात्रि पर भी लिए गए पैसे | Gharaunda News

महिला ने शिकायत में बताया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन 20 हजार रुपए और मांगे गए। इसके अलावा 3500 रुपए पंडित की फीस के नाम पर और 2100 रुपए गाड़ी किराये के लिए लिए गए। 500 रुपए फोटोग्राफर को दिए गए। 16 फरवरी को फिर 1000 रुपए नकद और 1500 रुपए श्रृंगार के नाम पर ले लिए गए। इस तरह अलग-अलग तारीखों में कुल 90 हजार 300 रुपए खर्च हो गए।

एक दिन ससुराल में रही पूजा

शिकायत के अनुसार शादी के बाद पूजा केवल एक दिन ही ससुराल में रही। अगले दिन मांगा राम, गुरनाम सिंह, सीमा, आरती और गौरव उसे अपने साथ ले गए। परिवार जब भी बहू को वापस लाने की बात करता है तो आरोपी टालमटोल करते हैं और भेजने से इनकार कर देते हैं। महिला ने बताया कि बार-बार अनुरोध करने के बाद भी बहू को नहीं भेजा गया, जिससे उन्हें शक हुआ कि शादी के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। इसके बाद 24 फरवरी को उन्होंने घरौंडा थाने में शिकायत दी।

अभी दर्ज नहीं हुआ मामला

शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। घरौंडा थाने के जांच अधिकारी उमेश त्यागी ने बताया कि गांव कलहेड़ी की महिला ने बेटे की शादी में धोखाधड़ी की शिकायत दी है। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी पक्षों को थाने में बुलाकर पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें:– AAP Punjab: आप पंजाब ने अरविंद केजरीवाल और आप नेताओं के हक में अदालत के फैसले का चंडीगढ़ में मनाया जश्न

About The Author

Related Posts