भारतीय महिलाओं से धोखाधड़ी करने वाले नाइजीरियाई गिरोह का पर्दाफाश

Published On

मेट्रोमोनियल साइट के जरिए देते थे झांसा

  • पुलिस ने दो नाइजीरियाई नागरिकों को किया गिरफ्तार

गुरुग्राम। (सच कहूँ न्यूज) मेट्रोमोनियल वेबसाईट/ऐप के माध्यम से महिलाओं के साथ दोस्ती करके उन्हें विश्वास में लेकर धोखाधड़ी से रुपये ऐंठने वाले दो नाइजीरियाई नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से वारदात में प्रयोग 11 मोबाईल फोन, 1 लैपटॉप तथा 6 पासपोर्ट बरामद किए गए हैं। आरोपी धोखाधड़ी से बात करने के लिए अस्थाई अंतरराष्ट्रीय मोबाईल नंबरों का प्रयोग करते हैं।

यह भी पढ़ें:– गुरुग्राम में वायु सेना के आयुद्ध डिपो के पास दीये से लगी आग में शुभ वाटिका हुई खाक

जानकारी के अनुसार 2 फरवरी 2023 को एक युवती ने थाना साईबर अपराध (पूर्व) में शिकायत दी थी कि उसकी शादी ऐप तथा संगम ऐप पर प्रोफाइल है। जुलाई 2022 में उसके पास एक लड़के की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। साइट पर उसका प्रोफाइल बेंगलुरु का था। उसने रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली और उससे बात करने लगी। आरोप है कि उस युवक ने खुद का परिचय कुमा जॉर्डन निवासी फ्रांस बताया। साथ ही बताया कि वह पायलट की नौकरी करता है। बातचीत के दौरान उस युवक ने युवती से कहा कि वह इंडिया आ रहा है।

उसने 30 जनवरी 2023 की टिकट की फोटो भी युवती के पास भेजी। उसके बाद युवती के पास 31 जनवरी 2023 को मुंबई एयरपोर्ट से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह मुंबई एयरपोर्ट से बोल रहे हैं। आपके दोस्त कुमा जॉर्डन को येलो कार्ड देने के लिए 55 हजार रुपये की जरूरत है। युवती ने 55 हजार रुपये उनके द्वारा बताए गए अकाउंट नंबर रॉबर्ट कंग नाम के व्यक्ति के अकाउंट में गूगल-पे द्वारा ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद युवती के पास कुमा जॉर्डन का फिर फोन आया और उसने कहा कि उसे मुंबई से दिल्ली आने के लिए 15 हजार रुपये की जरुरत है। युवती ने उसकी बातों में आकर उसके बताए खाते में 15 हजार रुपये भी ट्रांसफर कर दिए।

वह खाता चैतन लूमहो नाम के व्यक्ति का था। उसके बाद फिर मुंबई एयरपोर्ट से युवती के पास एक महिला का फोन आया। महिला ने बताया कि वह कस्टम विभाग से है। उसके दोस्त कुमा जॉर्डन के पास यूरो करेंसी है, जो भारत में अवैध है। इसके लिए 95 हजार रुपये कस्टम ड्यूटी के तौर पर देने होंगे। इस दौरान युवती को कुछ फ्रॉड होने का शक हुआ। युवती ने पुलिस थाना में शिकायत दी। इस शिकायत पर थाना साईबर अपराध (पूर्व) में केस दर्ज कर लिया।

एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान के निर्देशन में कार्य करते हुए पुलिस की टीम ने वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान मार्टीन वेलेनटॉम तथा टोनी इफएनी निवासी नाइजीरिया के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी मार्टीन वैलेंटाम को सूरज विहार, दिल्ली तथा आरोपी टोनी इफेयंई को मोहन गार्डन नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। आरोपी इस धोखाधड़ी में बात करने के लिए अस्थाई अंतरराष्ट्रीय मोबाईल नंबरों का प्रयोग करते हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts