पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा ‘सेल्फी कॉर्नर’

Published On

निगम अधिकारियों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाने का किया आह्वान

  •  डीसी सहित सैकड़ों लोगों ने ली सेल्फी

यमुनानगर (सच कहूँ न्यूज)। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए नगर निगम द्वारा शुरू की गई अनूठी पहल ‘सेल्फी कॉर्नर’ पर सोमवार को सैकड़ों लोगों ने सेल्फी ली। शहरवासियों के साथ-साथ डीसी आमना तसनीम, सीटीएम सोनू समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारियों ने भी सेल्फी लेकर लोगों को पर्यावरण बचाने का आह्वान किया। डीसी तसनीम ने नगर निगम द्वारा की गई इस अनूठी पहल पर मेयर मदन चौहान, कमिश्नर पूजा चांवरिया व सीएसआई अनिल नैन को बधाई दी और सेल्फी कॉर्नर में सजाए गए हरे भरे पौधों के साथ सेल्फी ली। उन्होंने निगम अधिकारियों को सेल्फी कॉर्नर में विभिन्न वैरायटी के और पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की इस पहल से लोग पर्यावरण को बचाने में सहयोग करेंगे।

बारिश लाने में पेड़-पौधों की भूमिका अहम : मेयर

मेयर मदन चौहान ने कहा कि नगर निगम में सेल्फी कॉर्नर बनाने का मुख्य मकसद पर्यावरण को बचाने का संदेश देना है। हमारा पर्यावरण इतना दूषित हो चुका है कि इसे शुद्ध रखने के लिए पेड़ पौधे लगाना बहुत जरूरी है। पेड़-पौधे बारिश लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। आज केवल नगर निगम में सेल्फी कॉर्नर पर्यावरण बचाने का संदेश दे रहा है। कल ऐसी ही सुंदर व्यवस्था यह अन्य स्थानों पर भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पांच जून को डीएवी कॉलेज में बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें बतौर मुख्यातिथि विस अध्यक्ष कंवर पाल, विशिष्ट अतिथि विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, विधायक श्याम सिंह राणा व विधायक बलवंत सिंह होंगे।

पर्यावरण संरक्षण में सभी की भागेदारी जरूरी : चांवरिया

नगर निगम कमिश्नर पूजा चांवरिया ने कहा कि पर्यावरण के क्षेत्र में निगम निगम की ओर से विशेष रूप से काम किए जा रहे हैं। सबसे बड़ा अभियान शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाना है। इस पर नगर निगम जोर-शोर से काम कर रहा है। इसके लिए तीन सौ सक्षम कर्मी भी शहर वासियों को जागरूक कर रहे हैं। पॉलीथिन बेचने वालों के चालान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में हम सभी को भागेदारी जरूरी है।

बच्चों की तरह करें पौधों का पालन पोषण : डीसी

डीसी तसनीम ने कहा कि हमारा जिला हराभरा है। इसे और हरा भरा रखने के लिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। पेड़ पौधों के बिना हमारा जीवन संभव नहीं है। ये हम सब जानते है कि पेड़ पौधे हमें आॅक्सीजन देते हैं और इसे शुद्ध रखने में सहयोग करते हैं। पौधों की अपने बच्चों की तरह देखभाल करें, क्योंकि ये हमारे जीवन का आधार हैं।

About The Author

Related Posts