शिक्षा और रोजगार
Sirsa Bus Accident: ऐलनाबाद से डबवाली जा रही बस का पिछला टायर महिला पर चढ़ा, मौत
गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम, मुआवजे व फरार बस चालक की गिरफ्तारी की मांग
Sirsa Bus Accident: रानियां (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। ऐलनाबाद से डबवाली जा रही एक प्राइवेट बस की चपेट में आने से 58 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जीवननगर के डबवाली मार्ग स्थित रंधावा मैरिज पैलेस के समीप हुआ। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने डबवाली मार्ग पर जाम लगा दिया। Sirsa News
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि बस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। महिला पूरी तरह बस से नीचे उतर भी नहीं पाई थी कि चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी, जिससे महिला संतुलन खोकर नीचे गिर गई और बस का पिछला टायर उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी। वहीं चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रानियां थाना प्रभारी गुरनमिंद्र सिंह मान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। मृतका की पहचान विमला देवी (58) पत्नी रिछपाल सिंह निवासी तलवाड़ा खुर्द के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी गुरनमिंद्र सिंह मान ने बताया कि महिला ऐलनाबाद से डबवाली जा रही प्राइवेट बस में सवार थी। बस का नंबर एचआर 63 सी 6180 बताया गया है। बस रंधावा मैरिज पैलेस के पास रुकी थी। इसी दौरान महिला बस से उतर रही थी कि अचानक बस चल पड़ी और हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार बस नंबर के आधार पर चालक और बस मालिक की पहचान की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। महिला की अचानक हुई मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।