ITI Admission News: इलैक्ट्रिशियन बनने के लिए लगी आवेदनों की भरमार, दूसरे स्थान पर कोपा

Published On

आवेदनों की स्थिति देखते हुए मुख्यालय ने बढ़ाई आवेदन तिथि, अब 27 तक होंगे आवेदन, तीन जुलाई को जारी होगी पहली मैरिट लिस्ट

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Haryana ITI Admission News: आईटीआई में दाखिले के लिए आनलाइन आवेदन करने का शुक्रवार को अंतिम दिन था, परंतु शाम तक मुख्यालय ने आवेदन करने की समय सीमा को 7 दिन बढ़ाते हुए 27 जून कर दिया है। आवेदकों को एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मिल गया है। वहीं आवेदनों के बाद पहली कट आफ तीन जुलाई को जारी की जाएगी। प्रदेशभर की 382 सरकारी व प्राइवेट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अब तक 47839 आवेदन प्राप्त हुए है। इनमें 40340 लड़के व 7858 लड़कियां शामिल है। Sirsa News

आईटीआई में आवेदन करने वालों में 96.37 प्रतिशत हरियाणा के निवासी है। जबकि 3.43 प्रतिशत दूसरे राज्यों के आवेदक है। वहीं अगर बात सरसा जिला की करें तो यहां 2696 सीटों के लिए 4282 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए है। प्रदेशभर में सबसे अधिक आवेदन इलैक्ट्रिशियन ट्रेड में आए हैं। इलैक्ट्रिशियन ट्रेड के लिए 38735 आवेदन हुए है। इस बार राजकीय महाविद्यालयों की अपेक्षा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिला लेने में विद्यार्थियों ने अधिक रुचि दिखाई है।

लड़कियों की नहीं लगेगी फीस | Sirsa News

आइटीआई में दाखिला लेने के लिए आवेदन फीस श्रेणी अनुसार निर्धारित की गई है। जिसके तहत सामान्य श्रेणी में लड़कों के लिए 100 रुपए, एससी, एसटी लड़कों के लिए 50 रुपए देना होगा। वहीं सभी श्रेणियों में लड़कियों को कोई फीस नहीं देनी होगी। इसके साथ ही फीस का भुगतान आनलाइन माध्यम से करना होगा।

अब यह रहेगा शेड्यूल

अब आईटीआई में दाखिले के लिए 27 जून तक आनलाइन आवेदन होंगे। इसके पश्चात 3 जुलाई को मेरिट कम सीट अलॉटमेंट सूची व प्रथम काउसंलिंग राउंड शुरू होगा। 7 जुलाई तक दस्तावेजों की फिजिकल वेरिफिकेशन होगी। 8 जुलाई तक फीस भरी जाएगी। दूसरा राउंड 9 जुलाई से 15 जुलाई तक चलेगा। जिसके तहत 9 जुलाई को दूसरे राउंड के लिए बची सीटें डिस्पले की जाएगी। तीसरा राउंड 22 जुलाई से 27 जुलाई तक चलेगा।

किस ट्रेड में कितने आए आवेदन | Sirsa News

प्रदेशभर में 80 से अधिक ट्रेड में 47839 आवेदन प्राप्त हुए है। इनमें इलैक्ट्रिशियन ट्रेड में 38735 आवेदन किया है। इसके अलावा कोपा में 21189, वायरमैन के लिए 10 हजार 404, फिटर के लिए 10 हजार 404,रेफ्रिजरेटर व एसी में 4 हजार 979, वेल्डर के लिए 4641, प्लंबर के लिए 4121, स्टेनो हिंदी के लिए 3992, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक में 3802 व इलैक्ट्रिशियन ड्यूल ट्रेड में 3613 आवेदन विद्यार्थियों की ओर से किए गए है।

आईटीआई में दाखिले के लिए आनलाइन आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 27 जून कर दिया गया है। इस बार आइटीआई में दाखिले को लेकर विद्यार्थियों में अच्छा रुझान देखने को मिला है। शुक्रवार दोपहर तक प्रदेशभर में 47 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आनलाइन कर दिया है।
                                                                       – राकेश कुमार, प्रिंसीपल, राजकीय आइटीआई सरसा

यह भी पढ़ें:– पीजीआई के पोस्टमार्टम हाऊस के बाहर सब इंस्पेक्टर ने खुद को सर्विस रिवाल्वर से मारी गोली

About The Author

Related Posts