तेजधार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या

Published On

तीन साल से चल रहा था आपसी विवाद

  • पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज
नरवाना (सच कहूँ न्यूज)। धनौरी गांव में गत देर रात्रि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की तेज धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी व्यक्ति मौके से फरार हो गया। गढ़ी थाना पुलिस ने मृतका के पति व सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार बीती रात धनौरी गांव निवासी हवा सिंह ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी कविता उर्फ गीता की गर्दन पर तेज धारदार हथियार से वार करके उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना गढ़ी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल नरवाना में शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार मृतका कविता उर्फ गीता हिसार जिले के बोवुआ गांव की बेटी थी और 1998 में धनौरी गांव निवासी हवा सिंह के साथ उसकी शादी हुई थी। कविता 3 बच्चों की माँ थी। बताया गया है कि पिछले 3 वर्षों से पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद रहता था और गत रात्रि इसी आपसी मनमुटाव व घरेलू कलह के चलते हवा सिंह ने अपनी पत्नी की हत्या कर डाली। जांच अधिकारी गढ़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतका के भाई पारस की शिकायत पर मृतका के पति हवा सिंह व सास दर्शना के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू की है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts