नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 1.51 करोड़ रुपए संपत्ति कर बकाया, पांच संपत्तियां सील

सिकोम लिमिटेड और टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड की संपत्तियों पर कार्रवाई

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज़)। Gurugram News: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा संपत्ति कर की बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने के लिए बकायेदार संपत्ति मालिकों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को निगम की प्रवर्तन टीमों ने जोन-5 एवं जोन-6 में संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने वाली चार संपत्तियों को सील किया। इन पर 1.51 करोड़ रुपये संपत्ति कर बकाया है। नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, इन चार संपत्तियों पर कुल 1 करोड़ 51 लाख 64 हजार 104 रुपए की संपत्ति कर राशि बकाया है। कार्रवाई के तहत जोन-5 में दो तथा जोन-6 में दो संपत्तियां सील की गईं।

जोन-5 में की गई कार्रवाई के दौरान सिकोम लिमिटेड, सेक्टर-16 तथा टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड, जेएमडी पैसिफिक स्क्वायर, सेक्टर-16 की संपत्तियों को सील किया गया। इनमें सिकोम लिमिटेड पर 83 लाख 56 हजार 982 रुपए तथा टेक प्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड 37 लाख 59 हजार 951 रुपए का संपत्ति कर बकाया है। जोन-6 में भी संपत्ति कर बकायेदार के विरुद्ध कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने साईएक्सपो ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड की सेक्टर-61 स्थित दो संपत्तियों को सील किया। विवरण इनमें सेंटर वन स्थित एसएफ 27 पर 15 लाख 15 हजार 723 रुपए तथा एफएफ 18 पर 15 लाख 31 हजार 448 रुपए का संपत्ति कर बकाया है। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा संपत्ति कर की बकाया राशि की वसूली के लिए संबंधित संपत्ति मालिकों को नियमानुसार कार्रवाई से पहले बकाया राशि जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। 

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि निर्धारित समय में बकाया कर का भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में निगम द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सभी संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे अपने संपत्ति कर का समय पर भुगतान करें तथा अपनी संपत्ति से संबंधित कर विवरण और बकाया राशि की नियमित रूप से जांच करते रहें। संपत्ति कर नगर निगम के महत्वपूर्ण राजस्व स्रोतों में से एक है। इससे प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर में सफाई व्यवस्था, सड़कों, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में किया जाता है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts