7 माह के बच्चे को लेकर महिला भाखड़ा में कूदी, मासूम की मौत
लोगों ने महिला को बचाया
Bhakra Canal Accident: ओढां (सच कहूँ/राजू)। कालांवाली क्षेत्र के गांव खोखर निवासी एक महिला ने अपने 7 माह बच्चे के साथ भाखड़ा में छलांग लगा दी। घटना के समय महिला के साथ दो मासूम बच्चियां भी साथ थी, जो बच गई। घटना के बाद राहगीरों ने महिला को तो बचा लिया लेकिन मासूम बच्चा पानी में बह गया, देर सांय बच्चे का शव बरामद किया गया। गांव खोखर निवासी करीब 36 वर्षीय मनजिंदर कौर सुबह अपनी करीब 12 वर्षीय बेटी रहमत व करीब 6 वर्षीय वशंदीप व 7 माह के बेटे जपनूर के साथ अपने गांव से पैदल ही गांव माखा के लिए निकली थी। गांव के लोगों ने मनजिंदर कौर को बच्चों के साथ जाते देखा था।
लोगों ने बताया की उन्हें लगा कि वह कालांवाली मंडी जा रही है। मनजिंदर कौर अपने गांव से पैदल ही गांव माखा के निकट भाखड़ा पुल पर पहुंची और अपने मासूम बच्चे जपनूर को लेकर नहर में कूद गई। घटना के बाद दोनों बच्चियों ने शोर मचाया तो राहगीरों ने तुरंत नहर में छलांग लगाकर महिला को बचा लिया। जिसके बाद बच्चियों ने लोगों को बताया की उनके मम्मी के साथ उनका छोटा भाई जपनूर भी था। सूचना के बाद कालांवाली पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चे की तलाश की। वहीं देर सांय बच्चे का शव बरामद हो गया
चार बेटियों के बाद हुआ था बेटा
हरदेव सिंह के घर चार बेटियों के बाद बेटे जपनूर ने जन्म लिया था। बताया जा रहा है की जिस समय मनजिंदर कौर अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर घर से निकली थी, उस समय घर में कोई नहीं था। उसका पति हरदेव सिंह दूसरे गांव में मजदूरी करने गया हुआ था तो वहीं हरदेव सिंह की मां अपनी बेटी के पास गई हुई थी। हरदेव सिंह की दो बेटियां उनके साथ ही रहती हैं तथा एक बेटी अपने ननिहाल गांव रोहण में रहती है तथा एक बेटी की पहले मृत्यु हो चुकी है। घटना की सूचना के बाद हरदेव सिंह घर पहुंचा। घर में सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।
इस संबंध में परिजनों के ब्यान दर्ज किए हैं, हरदेव सिंह के ब्यान पर इत्तेफाकिया घटना की कारवाही दर्ज की गई है, -जागर सिंह, एएएआई