लुधियाना में सब्सिडी वाली यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी का भंडाफोड़ 

राइस मिल पर टीम की छापेमारी, 560 बैग खाद बरामद, तीन आरोपी फरार  

Sarvesh Kumar Picture
Published On

लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: जिले के जगराओं क्षेत्र में किसानों के लिए सरकार द्वारा सब्सिडी पर दी जाने वाली यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। कृषि विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गोरसियां मक्खण रोड स्थित खुदाई चक्क गांव में एक राइस मिल पर छापेमारी कर 560 बैग यूरिया खाद बरामद किए। बरामद खाद का कुल वजन 252 क्विंटल बताया जा रहा है। पुलिस ने राइस मिल मालिक अभिषेक कुमार, वनीत कुमार और प्रवीण कुमार के खिलाफ थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कृषि विकास अधिकारी-कम-खाद निरीक्षक हरप कुमार की शिकायत पर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि खाद की बिल्टी 7 मई 2026 को गोयल एंड कंपनी, सुनाम द्वारा काटी गई थी, जो गुरप्रीत सिंह के नाम पर बनाई गई थी। लेकिन संबंधित व्यक्ति के पास रैक से सीधे खाद खरीदने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। जिस फर्म के नाम पर खाद मंगवाई गई थी, उसके पास भी खाद कारोबार का लाइसेंस नहीं मिला।  

प्रारंभिक जांच में पता चला कि राइस मिल मालिक अभिषेक कुमार ने अपने भाई वनीत कुमार के साथ मिलकर निजी लाभ के लिए सब्सिडी वाली यूरिया की कथित हेराफेरी की। इस मामले में श्री दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी और रैक होल्डर गोयल एंड कंपनी, सुनाम के नाम भी सामने आ रहे हैं। आरोप है कि किसानों के लिए आने वाली खाद को गुप्त रूप से स्टोर कर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।  

कृषि विभाग ने इस मामले को किसानों के अधिकारों से सीधा धोखा करार दिया है। अधिकारियों ने कहा कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल तीनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।  

Ludhiana News

About The Author

Related Posts