केंद्र ट्रेनें चलाने को तैयार, पंजाब लिखित में गारंटी दे: रेल मंत्री

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

कहा- पंजाब सरकार रेलवे ट्रैक और स्टेशनों पर बैठे किसानों को हटाएं

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। रेल मंत्रालय ने भाजपा के उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया है कि पंजाब सरकार जैसे ही ट्रेनों की आवाजाही की सुरक्षा की लिखित गारंटी देगी मंत्रालय रेल विभाग को मालगाड़ियों और यात्री गाड़ियों को परिचालन की अनुमति प्रदान कर देगा। मंत्रालय ने एक बार फिर से पंजाब सरकार से अनुरोध किया है कि वह रेलवे ट्रैक और स्टेशनों पर बैठे किसान आंदोलनकारियों को वहां से हटा दें ताकि माल और यात्री सेवाओं को दोबारा से बहाल किया जा सके।

गुरूवार को पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेता का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नागरिक उड्डयन मंत्री और आवास और शहरी केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नेतृत्व में रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री पीयूष गोयल से आग्रह किया कि पंजाब में जल्द से जल्द माल और यात्री सेवाओं को बहाल किया जाए। रेल मंत्री को अवगत करवाया गया कि राज्य में चल रहे किसान आंदोलन ने रेल संपत्ति को लक्षित करके पिछले एक महीने से यात्री और मालगाड़ी सेवाओं को बुरी तरह प्रभावित किया है।

परिणाम स्वरूप राज्य अब कोयला, उर्वरक, सीमेंट, पीओएल, कंटेनर और स्टील की भारी कमी का सामना कर रहा है। थर्मल पावर प्लांट और अन्य उद्योगों के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। इस पर पीयूष गोयल ने उन्हें भरोसा दिलाया कि जैसे ही पंजाब सरकार रेल सेवाओं के लिए सुरक्षा की गारंटी लेती है तो तुरंत ही माल और यात्री सेवाएं बहाल कर दिया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ, प्रवक्ता आरपी सिंह व पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा भी शामिल थे।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts