स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने विकास नगर में नवनिर्मित पार्क का किया उद्घाटन
5 एकड़ में तैयार पार्क में 1600 मीटर लंबा ट्रैक और 5000 फलदार व सजावटी पौधे लगाए
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सोमवार को पटियाला के विकास नगर में वन एवं वन्यजीव विभाग द्वारा लगभग 28 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए पर्यावरण पार्क का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि करीब 5 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया यह पार्क क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सैर और स्वस्थ जीवनशैली के लिए भी लाभदायक साबित होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पार्क में लोगों की सुविधा के लिए 1600 मीटर लंबा वॉकिंग ट्रैक तैयार किया गया है। जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए पार्क के चारों ओर फेंसिंग की गई है।
इसके अलावा 25 बेंच, 30 सोलर लाइटें और 15 डस्टबिन लगाए गए हैं। पौधों की सिंचाई के लिए 800 मीटर लंबी पानी की पाइपलाइन भी बिछाई गई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को और अधिक हरा-भरा बनाने के लिए पार्क में विभिन्न किस्मों के लगभग 5000 फलदार एवं सजावटी पौधे लगाए गए हैं। यह पार्क क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और लोगों को प्रकृति से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।
डीएफओ सतिन्द्र सिंह ने बताया कि इस प्रॉजैक्ट को साकार करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह द्वारा विशेष रुचि लेते हुए वन विभाग से एस्टीमेट मंजूर करवाने के लिए पूरे उत्साह से प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की पहल के कारण विकास नगर के निवासियों को यह सुंदर और पर्यावरण अनुकूल पार्क मिला है। उन्होंने कहा कि विकास नगर में बनाया गया यह पर्यावरण पार्क क्षेत्र के लोगों के लिए स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम साबित होगा।