Punjab
गाँव जस्सोवाल में स्वास्थ्य मंत्री ने किया आधुनिक खेल मैदान का उद्घाटन
युवाओं को खेलों के माध्यम से नशों से दूर रखने का प्रयास: डॉ. बलबीर सिंह
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: पटियाला देहाती के गाँव जस्सोवाल में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण विकास कदम उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आधुनिक खेल मैदान का उद्घाटन किया। यह खेल मैदान खेल एवं युवा सेवाएं विभाग पंजाब और ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग पंजाब के सहयोग से तैयार किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह प्रॉजैक्ट पंजाब सरकार की बड़ी पहल का हिस्सा है, जिसके तहत पूरे राज्य में 3100 खेल मैदान बनाए जा रहे हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गाँवों में खेलों का माहौल तैयार करना और युवाओं को नशों से दूर रखते हुए उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के मंत्री तरुणप्रीत सिंह का धन्यवाद किया। डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि यह मैदान सभी वर्ग के लोगों के लिए सुविधाजनक बनाया गया है। जहाँ युवाओं को क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल जैसी खेलों के लिए उचित संरचना प्रदान की गई है, वहीं बुजुर्गों के लिए योग और सुबह या शाम की सैर के लिए खुली और सुंदर जगह भी उपलब्ध करवाई गई है। डॉ. सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है और खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़े स्तर पर कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मान सरकार पंजाब को नई पहचान दे रही है, जहां गाँव-गाँव आधुनिक खेल मैदान बन रहे हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिल रहे हैं। Patiala News
इस दौरान ग्रामीणों ने इस पहल का स्वास्थ्य मंत्री का तहेदिल से स्वागत किया और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह मैदान न केवल खेलों के लिए सुविधाएं देगा, बल्कि गाँव के सामूहिक जीवन को भी मजबूत करेगा।